Haryana News : हरियाणा सरकार द्वारा लगभग चार साल पहले अप्रूव्ड की गई कालोनियों को सुधारने पर फोकस कर दिया है। जहां पर इन कालोनियों में सीवरेज के साथ नई गलियों का निर्माण की मंजूरी दी जा रही है। इसी कड़ी में जींद नगर परिषद के अंतर्गत आने वाली 38 नई अप्रूव्ड कालोनियों में सीवरेज लाइन बिछवाई जाएंगी। करीब 41 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का टेंडर अलॉट हो चुका है और संबंधित दो एजेंसियों को वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया गया है।
विभाग अधिकारियों का दावा है कि आगामी एक माह में ही सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से इन कॉलोनियों में रहने वाले करीब 50 हजार लोगों को जलभराव और गंदे पानी की निकासी की विकट समस्या से स्थाई तौर पर निजात मिलेगी। बता दें शहर के नगर परिषद एरिया के अधीन आने वाली इन कॉलोनियों को वर्ष 2023 में सरकार ने अप्रूव्ड किया था। अब करीब चार साल बाद इन कॉलोनियों में सीवरेज व्यवस्था पर काम शुरू हो पाएगा।
गलियों में जमा रहता है गंदा पानी जनस्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, इस पूरे प्रोजेक्ट के तहत शहर की विभिन्न 38 कॉलोनियों में कुल 84 किमी लंबी सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। नेटवर्क को मजबूत करने के लिए कॉलोनियों के आंतरिक हिस्सों से लेकर मुख्य ट्रंक लाइनों तक को जोड़ा जाएगा।
वहीं नई अप्रूव्ड विजय नगर कॉलोनी निवासी संदीप, भगत सिंह कॉलोनी निवासी राममेहर व कुलदीप बांगड़, न्यू कृष्णा कॉलोनी निवासी शमशेर व ममता देवी का कहना है कि सीवरेज लाइन न होने से गंदा पानी गलियों में जमा हो जाता है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। कुछ गलियों का निर्माण तो पिछले समय नगर परिषद द्वारा कराया गया लेकिन पानी और सीवरेज की सुविधा आज तक नहीं मिल पाई है।
यहां बिछेगी सीवरेज लाइन
सीवरेज लाइन बिछाने के लिए नई अप्रूव्ड कॉलोनियों में धागा मिल कॉलोनी, राम कॉलोनी, इंप्लाइज कॉलोनी, स्कूल बस्ती कॉलोनी, शिवपुरी कॉलोनी, शीतलपुरी कॉलोनी, सुंदर नगर कॉलोनी, नेताजी कॉलोनी, रतन कॉलोनी, सोलू कॉलोनी, रामबीर कॉलोनी, लोको प्राइवेट कॉलोनी, न्यू जवाहर नगर, विजय नगर, राम कॉलोनी, बूढ़ा बाबा बस्ती, रघु नगर, दुर्गा कॉलोनी, न्यू कृष्णा कॉलोनी, एससी बस्ती, खेम नगर, कोर्ट के पीछे इंप्लाइज कॉलोनी, न्यू कृष्णा कॉलोनी, भगत सिंह कॉलोनी, राजनगर, हनुमान नगर, ओमनगर कॉलोनी, अजमेर बस्ती, भूपिंद्र नगर कॉलोनी, शर्मा नगर कॉलोनी, जोगेंद्र नगर, नेताजी कॉलोनी पार्ट, भटनागर कॉलोनी, चंद्रलोक कॉलोनी, ओमनगर समेत कुल 38 कॉलोनी शामिल हैं।
41 करोड़ के विकास कार्यों का टेंडर अलॉट
पब्लिक हेल्थ विभाग जींद के एसडीओ कर्मवीर सिंह ने बताया कि पब्लिक हेल्थ विभाग की ओर से शहर की 38 अप्रूव्ड कॉलोनियों में सीवरेज लाइन बिछाने के प्रोजेक्ट को अमलीजामा पहनाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए करीब 41 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का टेंडर अलॉट हो चुका है और संबंधित एजेंसी को वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिए गए हैं।
औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आगामी एक महीने के भीतर जमीन पर सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वहीं इन कॉलोनियों में पेयजल के लिए विभाग ने पाइप लाइनें बिछाई हुई हैं। आगामी नए वर्ष में इन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को पेयजल और सीवरेज दोनों की पूरी सुविधा मिल जाएगी।