Ration Card New Rules : हरियाणा सरकार द्वारा बीपीएल राशन कार्ड धारकों को मिलने वाले राशन के नियमों को बदल दिया है। अब बीपीएल परिवारों को सरसों का तेल परिवार के सदस्यों की संख्या के हिसाब से मिलेगा। पहले राशन कार्ड धरकों को दो लीटर सरसों को तेल दिया जाता था, लेकिन अब इस नियम को बदल दिया है। बीपीएल और अंत्योदय अन्न योजना के पात्र परिवारों को अब राशन डिपो से परिवार में दर्ज सदस्यों की संख्या के हिसाब से सरसों का तेल मिलेगा।
अक्टूबर 2026 के लिए झज्जर जिले के 127011 राशन कार्डों का आवंटन जारी कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत एक से दो सदस्यों वाले परिवार को आधा लीटर, तीन से छह सदस्यों वाले परिवार को एक लीटर, छह से अधिक सदस्यों वाले परिवार को डेढ़ लीटर सरसों का तेल दिया जाएगा। इससे पहले पात्र परिवारों को प्रत्येक राशन कार्ड पर दो लीटर तेल मिलता था। अब परिवार के आकार के अनुसार तेल की मात्रा तय की गई है।
अब इस रेट पर मिलेगा सरसों का तेल
राशन कार्ड धारकों के लिए तय किए गए नियमों में सरसों के तेल के रेट भी निर्धारित किए गए है। इसमें आधा लीटर तेल के लिए 15 रुपये, एक लीटर के लिए 30 रुपये, डेढ़ लीटर के लिए 45 रुपये देने होंगे। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय, हरियाणा की ओर से जारी आवंटन के अनुसार झज्जर जिले के लिए एक लीटर की 99478 बोतलें, आधा लीटर की 30732 बोतलें निर्धारित की गई हैं।
एक लीटर वाली बोतलों में 99478 लीटर, आधा लीटर वाली बोतलों में 15366 लीटर तेल शामिल है। इस प्रकार जिले के लिए कुल 114844 लीटर सरसों का तेल आवंटित किया गया है। यह तेल अक्टूबर माह के लिए पात्र परिवारों को सरकारी राशन डिपो के माध्यम से उपलब्ध करवाया जाएगा।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अदित्य कौशिक ने बताया कि अक्टूबर माह के लिए जिले के पात्र राशन कार्ड धारकों को सरसों का तेल उपलब्ध करवाने के लिए आवंटन जारी किया गया है। सरकार की निर्धारित व्यवस्था के अनुसार अब परिवार में दर्ज सदस्यों की संख्या के आधार पर तेल की मात्रा दी जाएगी।


