बरौली अहीर नवीन सब्जी मंडी शुरू कराने की मांग तेज, उपेंद्र सिंह ने सांसद राजकुमार चाहर को सौंपा ज्ञापन

सात दिनों से जारी धरने को मिला समर्थन, सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर शीघ्र कार्रवाई का किया आग्रह
आगरा। ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की बरौली अहीर नवीन सब्जी मंडी को तत्काल पूर्ण रूप से संचालित कराने की मांग अब तेज हो गई है। इस जनसमस्या को लेकर भाजपा नेता उपेंद्र सिंह ने फतेहपुर सीकरी के सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में उपेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्रवासी पिछले सात दिनों से लगातार धरने पर बैठे हैं, लेकिन इसके बावजूद बरौली अहीर की नवीन सब्जी मंडी को अभी तक पूरी तरह संचालित नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बसई स्थित कलुआ राम की मंडी कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित हो रही है, जिसे अब तक प्रशासन द्वारा बंद नहीं कराया गया है। इससे किसानों, व्यापारियों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उपेंद्र सिंह के आग्रह और क्षेत्रवासियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए सांसद राजकुमार चाहर ने अपना समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर बरौली अहीर नवीन सब्जी मंडी को जल्द पूर्ण रूप से संचालित कराने तथा संबंधित मामलों में आवश्यक एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।
क्षेत्रवासियों ने सांसद और उपेंद्र सिंह की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके हस्तक्षेप से लंबे समय से लंबित इस जनहित के मुद्दे का शीघ्र समाधान होगा। उनका कहना है कि मंडी शुरू होने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और आम नागरिकों को भी सुव्यवस्थित सब्जी मंडी का लाभ मिल सकेगा।
इस अवसर पर ठाकुर वीरेंद्र सिंह, प्रवेंद्र धाकरे सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, किसान एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे
प्रतिक्रियाएं
टिप्पणियां
अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।
