पाली में योगमय हुई सुबह, कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने किया योगाभ्यास अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लखोटिया उद्यान में जिला स्तरीय योग कार्यशाला का आयोजन, प्रभारी मंत्री झाबर सिंह खर्रा भी रहे मौजूद

पाली, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पाली का लखोटिया उद्यान रविवार सुबह योगमय वातावरण से सराबोर हो गया। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय योग कार्यशाला में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने स्वयं विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कर नागरिकों को योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर नगरीय विकास मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री झाबर सिंह खर्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
योग शिविर में जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक मोनिका सैन, नगर परिषद पाली के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र बोहरा, पूर्व विधायक ज्ञानचंद परख तथा भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आमजन की उपस्थिति से लखोटिया उद्यान खचाखच भरा नजर आया।
योग प्रशिक्षकों ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम के समापन पर कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने सभी को नियमित योग अपनाने तथा समाज को स्वस्थ और व्यसनमुक्त बनाने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग किसी व्यक्ति विशेष का नहीं बल्कि संपूर्ण मानवता को जोड़ने का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग वैश्विक आंदोलन का रूप ले चुका है और दुनिया भारत की सनातन संस्कृति को सम्मान की दृष्टि से देख रही है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि बढ़ती उम्र के साथ भी योग के माध्यम से शरीर और मन को स्वस्थ, ऊर्जावान एवं आत्मनिर्भर बनाए रखा जा सकता है। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों एवं योग संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
प्रतिक्रियाएं
टिप्पणियां
अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।
