सुमेरपुर। उपखंड क्षेत्र के नेतरा गांव स्थित श्री गोपाल गोवंश कल्याणकारी गौशाला में मंगलवार अल सुबह अज्ञात कारणों से चारे के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि गोदाम में रखा करीब 2000 टन चारा जलकर खाक हो गया। इसके साथ ही, वहां खड़ा 20 टन ग्वार व मसूर के सूखे चारे से भरा टर्बो वाहन भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया। इस हादसे से गौशाला को भारी नुकसान हुआ है, जिससे वहां पल रहे 800 से अधिक गोवंश के लिए चारे का संकट खड़ा हो गया है।
घटनाक्रम: कैसे लगी आग?
सोमवार को गौशाला में ग्वार और मसूर की भूसी से भरा 16 टायर वाला बड़ा टर्बो खाली करने आया था। देर रात होने के कारण इसे गौशाला के टीनशेड वाले गोदाम में ही खड़ा कर दिया गया, ताकि सुबह मजदूर इसे पूरा खाली कर सकें। लेकिन अल सुबह अचानक गोदाम से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। चारे में आग पकड़ने के कारण आग तेजी से फैली और कुछ ही समय में पूरा गोदाम आग की चपेट में आ गया।
दमकल कर्मियों का अथक प्रयास, लेकिन आग पर नहीं मिला जल्दी काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को बुलाया गया। सुमेरपुर और शिवगंज की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। शिवगंज की फायर ब्रिगेड ने दो फेरे किए, जबकि सुमेरपुर की फायर ब्रिगेड ने देर शाम तक 27 से अधिक फेरे लगाए। बावजूद इसके आग को पूरी तरह से बुझाने में लंबा समय लगा। दमकलकर्मी भंवर देवासी, संदीप कुमार, रूपेश देवासी, प्रकाश, राजवीर, नरेंद्र, कर्मवीर, भगाराम सहित अन्य कर्मचारियों ने 12 घंटे से अधिक समय तक लगातार प्रयास किए। लेकिन टीनशेड से बने गोदाम में आग बुझाने में परेशानी आई क्योंकि वहां कोई रोशनी की व्यवस्था नहीं थी और चारों ओर घना धुआं फैल गया था।


