Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

कमाई करे ठेकेदार, बिजली बिल भरे जनता....


सुजानगढ़ (नि.सं.)। विकास कार्य और सौंदर्यीकरण के नाम पर आम जनता की जेब पर भार डालकर ठेकेदार को नाजायज संरक्षण देने के गंभीर आरोप जिला कलक्टर को पत्र भेजकर लगाये गये हैं। वरिष्ठ नागरिक सूरजभान भाटी की ओर से चूरू जिला कलक्टर को इस आशय का पत्र लिखकर बताया गया है कि स्टेशन रोड़ पर बस स्टेंड से शास्त्री प्याउ तक 45 यूनिपोल के दोनों तरफ लगे 90 विज्ञापन बोर्ड में खर्च हो रही विद्युत का खर्च क्षेत्र की जनता नगरीय उपकर के रूप में वहन कर रही है। जबकि ठेकेदार जनता के खून पसीने की कमाई से भरे जाने वाले विद्युत बिल से लाखों रूपये नगरपरिषद की मेहरबानी से कमा रहा है। भाटी द्वारा उपखंड अधिकारी रमेश कुमार, नगरपरिषद आयुक्त दिलीप कुमार शर्मा को भी लिखित में शिकायत पत्र सौंपकर विद्युत विभाग द्वारा दी गई लिखित सूचना के आधार पर 90 निजी विज्ञापन बोर्ड के विद्युत कनेक्शन व स्ट्रीट लाईट का कनेक्शन काटकर विद्युत चोरी करने वाले ठेकेदार पर कार्रवाही की मांग की है। भाटी ने पत्र में लिखा है कि नगरपरिषद द्वारा 45 यूनिपोल के किए गए टेंडर में शर्त थी कि समस्त विद्युत खर्च व रख रखाव, सम्बंधित लाइसेंसी का होगा। लेकिन नगरपरिषद की चहेती फर्म द्वारा नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए बिना किसी कनेक्शन के नगरपरिषद के कनेक्शन खाता संख्या 0512/0095 से लाईन जोड़कर विद्युत उपभोग किया जा रहा है। जिस बारे में नगरपरिषद के तत्कालीन आयुक्त द्वारा सम्बंधित फर्म को नियमों में नाजायज ढील दिये जाने के आरोप भी लगे थे।
भाटी ने मांग की है कि इन विज्ञापन पोलों का कनेक्शन कटवाकर निजी स्तर पर कनेक्शन करवाया जावे तथा अब तक बिजली चोरी करने वाले लोगों पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जावे, ताकि भविष्य में कोई बिजली चोरी करने की हिमाकत नहीं कर सके।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

हरियाणा में ACB की बड़ी कारवाई, पब्लिक हेल्थ की कर्मचारी को रिश्वत के साथ पकड़ा रंगेहाथ