
अलवर। जिला कलक्टर एवं अध्यक्ष नगर विकास न्यास अलवर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने नगर विकास न्यास अलवर द्वारा शहर में कराये जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।
जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तिजारा फाटक आर0ओ0बी0 के डिवाइडर की मरम्मत, रंगरोगन, पौधारोपण, वॉल पेन्टिग कार्य शीघ्र प्रारम्भ करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही जेल चौराहे पर सड़क चौडाईकरण के कार्य को जेल चौराहे तक पूर्ण करने तथा तिजारा रोड तिराहे की स्लिप लेन की चौडाईकरण तथा नाले को ढकने का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने शालीमार नगर में विद्युतीकरण तथा जी0एस0एस0 निर्माण कार्य शीघ्र प्रार भ करने के लिये न्यास के अभियन्ताओं और विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियन्ता को निर्देशित किया। उन्होंने अधीक्षण अभियन्ता, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को शालीमार नगर तथा विज्ञान नगर आवासीय योजना में पेयजल आपूर्ति की योजना तैयार करने के निर्देश दिये ताकि आमजन को बुनियादी सुविधाएँ शीघ्र उपलब्ध हो सके। उन्होंने टेल्को सर्किल से भर्तृहरी पैनोरमा तक बाईपास के डामरीकरण कार्य और शालीमार नगर में विभिन्न व्यवसायिक ब्लॉकों की डब्ल्यूबीएम सडकों के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
उन्होंने काशीराम सर्किल से जयमार्ग आरओबी तक डिवाईडर की मरम्मत रंगरोगन तथा पौधारोपण के कार्य करवाने के निर्देश दिये। शहर में स्थित सार्वजनिक शौचालयों की कवरिंग वॉल शीघ्र बनाने के निर्देष दिये ताकि आमजन को असुविधा न हो। उन्होंने शहर में विभिन्न डिवाइडरों पर रंगरोगन के कार्य में इंन्दिरा गांधी शहरी गांरन्टी योजना के श्रमिकों को नियोजित करने के निर्देश दिये। इससे शहर के सौदर्यीकरण के साथ-साथ शहरी बेरोजगारों को रोजगार भी प्राप्त होगा। जिला कलक्टर ने फतेहजंग गुम्बद परिसर में न्यास द्वारा करवाये जा रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संग्रहालय अध्यक्ष प्रतिभा यादव को निर्देश दिये कि इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और सौदर्यीकरण हेतु प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रेषित करें।
इस अवसर पर यूआईटी सचिव जितेन्द्र सिंह नरूका, मुख्य अभियंता पी.के. जैन, अधिशासी अभियंता कुमार संभव अवस्थी, योगेंद्र कुमार, प्रमोद शर्मा, सहायक अभियंता दिनेश कुमार, प्रभु दयाल, बहादुर सिंह, विनीत कुमार, कनिष्ठ अभियंता मनोहर मीणा तथा नगर परिषद के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार उपस्थित रहे।

