Haryana Property ID : हरियाणा में अन-अप्रूव्ड प्लाट को अप्रूव्ड दिखाने के खेल पर जल्द ही लगाम लगाने वाली है। शहरों में मिलीभगत करके हरियाणा अन-अप्रूव्ड प्लाट को अप्रूव्ड में दिखाकर प्रापर्टी आईडी बना ली जाती थी और उसी का आधार बनाकर रजिस्ट्री सहित अन्य काम भी कर लिए जाते थे, लेकिन अब ऐसा करने वाले लोगों की मुश्किल बढ़ने वाली है।
इसके लिए हरियाणा के नगर निगम, नगर परिषद व नगर पालिकाओं ने काम शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में हिसार शहर की वैध कालोनियों की बाउंड्री से सटी अवैध कालोनियों की प्रापर्टी को वैध दिखाने का बड़ा मामला सामने आया है। नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच द्वारा मुख्यालय के निर्देश पर की गई जांच में ऐसी 1234 प्रापर्टी आईडी पकड़ी गई हैं, जो वास्तव में अन-अप्रूव्ड एरिया में आती हैं, लेकिन उन्हें अप्रूव्ड कालोनियों की लिस्ट में शामिल कर लिया गया था। निगम प्रशासन ने अब इन सभी प्रापर्टीज को वैध कालोनियों की सूची से बाहर कर दिया है।
जांच में खुलासा हुआ है कि शहरी स्थानीय निकाय की वेबसाइट पर अपलोड किए गए कालोनियों के नक्शों में भारी खामियां थीं। इन्हीं खामियों का फायदा उठाकर या मानवीय त्रुटि के चलते अप्रूव्ड कालोनियों की सीमा से लगते अवैध क्षेत्रों की प्रापर्टी आईडी को वैध एरिया में दर्शा दिया गया था।
हिसार की इन कालोनियों में अवैध प्रापर्टी आईडी पकड़ी
हिसार निगम द्वारा गहनता से जांच में सामने आया कि शहर की करीब डेढ़ दर्जन कॉलोनियों की बाउंड्री पर यह गड़बड़ी मिली है, जिन्हें अब वैध सूची से हटा दिया गया है
सेक्टर-24 पार्ट वनः 116 प्रापर्टी
आजाद नगर (चंद्र एन्क्लेव): 115 प्रापर्टी
सेक्टर-24 में 98 प्रापर्टी
सूर्य नगर पार्ट वनः 97 प्रापर्टी
सत्या नगर पार्ट वनः 74 प्रापर्टी
इंडस्ट्रियल एरिया पार्ट वनः 66 प्रापर्टी
सातरोड विलेज आउटर: 81 प्रापर्टी
आदर्श नगर (नजदीक सेक्टर-1): 50 प्रापर्टी
शिव नगर (मेला ग्राउंड एरिया): 42 प्रापर्टी
महावीर कॉलोनी पार्ट वनः 30 प्रापर्टी
ग्लोबल सिटी: 26 प्रापर्टी
हनुमान नगर पार्ट वनः 17 प्रापर्टी
साकेत नगरः 17 प्रापर्टी
न्यू ऋषि नगरः 13 प्रापर्टी
विश्वकर्मा कॉलोनी-2: 13 प्रापर्टी
गवर्नमेंट कॉलोनी: 10 प्रापर्टी
जगजीवन नगरः 05 प्रापर्टी
सेक्टर-24 पार्ट वन में सर्वाधिक 116 अवैध प्रापर्टीज निकलीं वैध
बिल्डिंग ब्रांच की पड़ताल में सामने आया कि सेक्टर-1 के नजदीक स्थित आदर्श नगर में 50 ऐसी प्रापर्टी आईडी मिली हैं, जो नान-एग्रीकल्चर श्रेणी की हैं और अन-अप्रूव्ड होते हुए भी अप्रूव्ड लिस्ट में चढ़ी हुई थीं। इसके अलावा सेक्टर-24 पार्ट वन में सर्वाधिक 116 और आजाद नगर के चंद्र एन्क्लेव में 115 अवैध प्रापर्टी को वैध कॉलोनी के दायरे में दिखाया था।
अब आगे क्या होगा असर
वैध कालोनियों की सूची से नाम कटने के बाद अब इन 1234 प्रापर्टी धारकों को नक्शा पास कराने, प्रापर्टी की रजिस्ट्री करवाने और एनओसी लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। यह प्रॉपर्टी फिर से अन-अप्रूव्ड श्रेणी में दर्ज हो गई हैं।
अवैध श्रेणी में डालने के निर्देश
नगर निगम कमिश्नर सी. जया श्रद्धा ने बताया कि वैध कॉलोनियों की बाउंडरी के साथ लगती अवैध कॉलोनियों की कई ऐसी प्रॉपर्टी मिली है जिन्हें वैध दिखाया गया है। इसको लेकर पिछले दिनों वेरिफाई कर इन कॉलोनियों से इन्हें हटाकर वापस अवैध की श्रेणी में डालने के निर्देश दिए हैं। हालांकि जल्द ही अप्रूव्ड अन-अप्रूव्ड का यह काम तहसील कार्यालय के अधीन चला जाएगा।