Haryana Railway Project : रेलवे विभाग द्वारा हरियाणा को नई रेल लाइन की मंजूरी दी है। इस रेल लाइन का सीधा जुड़ाव हरियाण के चार जिलों से होगा और राजस्थान व गुजरात की तरफ जाने वाली रेल लाइनों से सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी। दक्षिण हरियाणा की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाली फर्रुखनगर-लोहारू नई रेल लाइन परियोजना ने महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है।
130 किमी लंबे प्रस्तावित रेल कारिडोर का फाइनल लोकेशन सर्वे (एफएलएस) पूरा हो चुका है। इस परियोजना से गुरुग्राम, झज्जर, चरखी दादरी और भिवानी जिले सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ेंगे। क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को आगे बढ़ाने में पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी की लगातार पैरवी अहम रही है। उन्होंने सांसद रहते हुए संसद में यह मुद्दा उठाया व केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के साथ पत्राचार कर परियोजना को आगे बढ़ाने की मांग की थी।
एचओआरसी से जोड़ने का भी दिया सुझाव
किरण चौधरी ने 11 अगस्त 2025 को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर झज्जर-लोहारू नई रेल लाइन की फिजिबिलिटी रिपोर्ट जल्द तैयार करवाने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा था कि यह रेल लाइन दक्षिण हरियाणा के लिए परिवहन का नया विकल्प बनेगी। राजस्थान और गुजरात की ओर जाने के लिए छोटा रेल मार्ग उपलब्ध कराने में मदद करेगी।
उन्होंने इसे प्रस्तावित हरियाणा आर्बिटल रेल कारिडोर (एचओआरसी) से जोड़ने का सुझाव भी दिया था। इसके बाद आठ नवंबर 2025 को उन्होंने दोबारा रेल मंत्री को पत्र लिखकर परियोजना की प्रगति पर आभार जताया और इसे क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग बताया। उन्होंने झज्जर, चरखी दादरी, भिवानी और लोहारू के बीच बेहतर रेल संपर्क के साथ दिल्ली के बिजवासन रेलवे टर्मिनल से कनेक्टिविटी मजबूत करने का सुझाव दिया था। इसके अलावा फतेहगढ़ को महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा था।
इन गांवों से होकर गुजरेगा रेल कारिडोर
प्रस्तावित रेल मार्ग गढ़ी हरसरू से शुरू होकर फर्रुखनगर, नांगल, सिलाना, झज्जर, आच्छेज, निमली, चरखी दादरी, तिवाला, निहालगढ़ और नांदा होते हुए लोहारू जंक्शन तक पहुंचेगा। इससे चार जिलों के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने का रास्ता खुलेगा। इस रेल मार्ग से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। जिन गांवों से यह रेल लाइन निकलेगी, उनका चयन हो चुका है और रेल लाइन के लिए किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। जहां पर किसानों को मुआवजे के तौर पर मोटी रकम दी जाएगी।
चरखी दादरी में तीन नए स्टेशन प्रस्तावित
परियोजना के तहत चरखी दादरी जिले के निमली, तिवाला और निहालगढ़ गांवों में तीन नए रेलवे स्टेशन प्रस्तावित किए गए हैं। इन स्थानों पर रेलवे की टीमों ने सर्वे और निशानदेही का कार्य पूरा किया जा चुका है। इससे आसपास के गांवों के लोगों को रेल सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
डीपीआर और लागत निर्धारण की प्रक्रिया अगला पड़ाव
फाइनल लोकेशन सर्वे पूरा होने के बाद अब विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर), अनुमानित लागत और आर्थिक व्यवहार्यता से जुड़ी प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी। रेल लाइन बनने से किसानों को कृषि उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने, व्यापारियों को माल ढुलाई और उद्योगों को परिवहन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। साथ ही गुरुग्राम और दिल्ली तक आवागमन आसान होने के साथ दक्षिण हरियाणा को राजस्थान और गुजरात के औद्योगिक केंद्रों से बेहतर रेल संपर्क मिलने की संभावना है। हालांकि परियोजना के निर्माण और स्वीकृति की अगली प्रक्रिया पूरी होना अभी बाकी है।