Train Service Change : उत्तर भारत में मौसम में बदलाव के साथ ही ट्रेनों के संचालन पर प्रभाव पड़ने लगा है। उत्तर भारत के कई राज्यों में इन दिनों कोहरा का असर दिखाई देने लगा है और इसके कारण लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन पर विपरित प्रभाव पड़ रहा है। धुंध के मौसम में सुरक्षित और सुचारु रेल संचालन के लिए रेलवे ने ट्रेनों की समयसारणी में बदलाव किया है।
इसके चलते आगामी दो दिसंबर से दो मार्च तक 19 ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इनमें कुछ ट्रेनें पूरे तीन माह के लिए रद रहेंगी, जबकि कई का संचालन सप्ताह में एक से तीन दिन तक बंद रहेगा। वहीं, कुछ ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाने के बजाय बीच रास्ते से ही वापस कर दिया जाएगा।
इसका सबसे अधिक असर जम्मू और पंजाब की ओर जाने वाली ट्रेनों पर पड़ेगा। नई दिल्ली जालंधर सिटी एक्सप्रेस को भी अंबाला छावनी तक ही चलाया जाएगा। आगरा फोर्ट होशियारपुर एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन रद रहेगी।
आगामी दो दिसंबर से दो मार्च तक अलग-अलग ट्रेनें रद रहेंगी। इसका असर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। रद होने वाली ट्रेनों में काठगोदाम-जम्मूतवी, योग नगरी ऋषिकेश जम्मूतवी, अमृतसर चंडीगढ़, श्री माता वैष्णो देवी कटरा कालका, अमृतसर नंगल डैम, बरौनी-अंबाला छावनी और फिरोजपुर-चंडीगढ़ जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं। इनके अलावा लालकुआं-अमृतसर, पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर और डिब्रूगढ़ चंडीगढ़ एक्सप्रेस का संचालन भी निर्धारित दिनों में प्रभावित रहेगा।
बिहार और असम जाने वाले यात्रियों पर भी असर
रेलवे ने नई दिल्ली-जालंधर सिटी एक्सप्रेस (14681) को एक दिसंबर से 28 फरवरी तक अंबाला छावनी में ही समाप्त करने का निर्णय लिया है। वापसी में जालंधर सिटी-नई दिल्ली एक्सप्रेस (14682) दो दिसंबर से एक मार्च तक जालंधर के बजाय अंबाला छावनी से ही रवाना होगी। डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (15903) चार दिसंबर से 26 फरवरी तक निर्धारित शुक्रवार और सोमवार की तारीखों पर रद्द रहेगी। वहीं, चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (15904) छह दिसंबर से 28 फरवरी तक रविवार और बुधवार की निर्धारित तारीखों पर नहीं चलेगी।


