Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, रोहतक से रींगस तक सीधी रेल सेवा, खाटूश्यामजी यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेन शुरू

कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, रोहतक से रींगस तक सीधी रेल सेवा, खाटूश्यामजी यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेन शुरू

Kurukshetra Phulera Special Train : खाटूश्यामजी के जन्मोत्सव को लेकर रेलवे विभाग ने हरियाणा व राजस्थान के यात्रियों को सुविधा देते हुए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए कुरुक्षेत्र से फुलेरा तक स्पेशल ट्रेन का संचालन किया है।

इस ट्रेन के संचालन से हरियाणा के कुरुक्षेत्र, कैथल, नरवाना, जींद, जुलाना, रोहतक, अस्थल बोहर, झज्जर, रेवाड़ी, कुंड, अटेली, नारनौल के यात्रियों को व राजस्थान के डाबला, नीमकाथाना, कावंट, श्रीमाधोपुर, रींगस एवं रेनवाल के यात्रियों को सीधा रेल सेवा मिलेगी। ट्रेन नंबर 04745/04746, कुरुक्षेत्र- फुलेरा-कुरुक्षेत्र स्पेशल ट्रेन बुधवार से 21 नवंबर तक कुरुक्षेत्र से प्रतिदिन रात सढ़े 11 बजे चलकर अगले दिन सुबह साढ़े आठ बजे फुलेरा पहुंचेगी।

इसी प्रकार ट्रेन नंबर 04746, फुलेरा-कुरुक्षेत्र स्पेशल ट्रेन 19 से 22 नवंबर तक फुलेरा से प्रतिदिन सुबह नौ बजकर 50 मिनट पर चलकर उसी दिन रात आठ बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। यह ट्रेन रास्ते में कैथल, नरवाना, जींद, जुलाना, रोहतक, अस्थल बोहर, झज्जर, रेवाड़ी, कुंड, अटेली, नारनौल, डाबला, नीमकाथाना, कावंट, श्रीमाधोपुर, रींगस एवं रेनवाल स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

हिसार-रींगस स्पेशल ट्रेन का किया संचालन

उत्तर पश्चिम रेलवे की तरफ से हिसार-रींगस-हिसार स्पेशल ट्रेन का संचालन किया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेन नंबर 04747, हिसार-रींगस अनारक्षित स्पेशल ट्रेन बृहस्पतिवार से 22 नवंबर तक हिसार से प्रतिदिन सुबह नौ बजकर 55 मिनट पर चलकर शाम साढ़े चार बजे रींगस पहुंचेगी।

इस दौरान 11 बजकर 52 मिनट पर कोसली, 12 बजकर चार मिनट पर जाटूसाना होते हुए एक बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 04748, रींगस हिसार स्पेशल ट्रेन 19 से 22 नवंबर तक रींगस से प्रतिदिन शाम पांच बजकर 50 मिनट पर चलकर श्रीमाधोपुर, कावंट, नीमका थाना, मांवडा, डाबला होते हुए साढ़े सात बजे नारनौल, सात बजे अटेली होते हुए रात नौ बजकर पांच मिनट पर रेवाड़ी पहुंचेगी।

पांच मिनट के ठहराव के बाद चलकर जाटूसाना, कोसली, चरखीदादरी, भिवानी, बवानीखेड़ा, हांसी होते हुए रात 12 बजकर 10 मिनट पर हिसार पहुंचेगी। इसी प्रकार भिवानी-कुरुक्षेत्र एवं कुरुक्षेत्र-फुलेरा के बीच स्पेशल ट्रेन का संचालन किया है।

रेलवे द्वारा बीकानेर मंडल के हिसार-सादुलपुर रेलखंड पर चरौड़-सिवानी स्टेशनों के मध्य चूरू यार्ड में समपार फाटक संख्या 23 पर आरओबी निर्माण कार्य के लिए ब्लाक लिया जा रहा है। इससे कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। अमित सुदर्शन का कहना है कि इस दौरान ट्रेन नंबर 54315, रेवाड़ी-हिसार ट्रेन 24 जनवरी को रेवाड़ी से चलकर सादुलपुर तक संचालित होगी। अर्थात् यह ट्रेन सादुलपुर-हिसार के बीच रद रहेगी। ट्रेन नंबर 54310, हिसार-दिल्ली ट्रेन 25 जनवरी को सादुलपुर से संचालित होगी। अर्थात यह रेलसेवा हिसार-सादुलपुर के मध्य आंशिक रद रहेगी।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

24 घंटे बाद एनीकट से निकला युवक का शव, दूसरे दिन सिविल डिफेंस को मिली सफलता