Karnal Yamunanagar State Highway : हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के सड़क नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है। जहां ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया जा रहा है, वहीं एक जिले से दूसरे को जोड़ने वाले स्टेट हाईवे को भी मजबूती दी जा रही है। हरियाणा सरकार ने अब करनाल-यमुनानगर स्टेट हाईवे को चकाचक करने की मंजूरी दी है।
स्टेट हाईवे लंबे समय से खस्ताहाल और गड्ढों में तब्दील हो चुके इंद्री से लाडवा के बीच के स्टेट हाईवे की कायाकल्प होने की आस जगी है। प्रदेश सरकार ने इस मार्ग के लगभग छह से सात किलोमीटर के क्षतिग्रस्त हिस्से की 'स्पेशल रिपेयरिंग' के लिए करीब 15 से 16 करोड़ रुपये का बजट मंजूर कर दिया है।
विभाग की ओर से इसकी टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जिससे लोगों में अब सुरक्षित और सुगम सफर की उम्मीद भी जगी है। हाईवे पर इंद्री-लाडवा के बीच के हालात ज्यादा बदतर हैं। इस हिस्से में जगह-जगह बड़े और चौड़े गड्ढे बन चुके हैं और सडक़ काफी असमतल (ऊंची-नीची) हो गई है।
एजेंसी को जल्द अलाट होगा काम
पीडब्ल्यूडी के एसडीओ धर्मवीर ने बताया कि सरकार की ओर से स्टेट हाइवे की स्पेशल रिपेयरिंग के लिए लगभग 15-16 करोड़ रुपये का बजट मंजूर हो चुका है। टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और अब तक चार-पांच एजेंसियों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। दस्तावेजों की छंटनी के बाद टेंडर खोले जाएंगे और सबसे कम दरों पर काम करने वाली एजेंसी को वर्क टेंडर जारी कर दिया जाएगा।
कुरुक्षेत्र की सीमा तक स्पेशल रिपेयरिंग की योजना
योजना के तहत इंद्री रेस्ट हाउस के नजदीक से लेकर कुरुक्षेत्र जिले की सीमा तक लगभग छह से सात किलोमीटर लंबे स्टेट हाइवे की स्पेशल रिपेयरिंग की जाएगी। इस बजट से हाईवे को समतल और मजबूत बनाने की योजना है।
इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप ने इसके लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व विभाग के मंत्री रणबीर गंगवा आदि का आभार जताया है।


