Delhi-Ayodhya Bullet Train Project: देश में हाईस्पीड रेल सेवा यानी बुलेट ट्रेन का सपना अब मूर्त रूप लेने लगा है। इसके तहत जहां दिल्ली से मुंबई के बीच इस परियोजना पर काम चल रहा है, वहीं अब रामनगरी अयोध्या के लिए भी परियोजना शुरू हो रही है। इसके लिए नॉर्दर्न हाईस्पीड रेल कॉरिडोर योजना का सर्वे शुरू कर दिया है। इस दौरान कॉरिडोर के अलाइनमेंट के साथ-साथ बुलेट ट्रेन के लिए जमीन की स्थिति व अन्य तकनीकी पहलुओं का आकलन किया जा रहा है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से देश की धार्मिक राजधानी अयोध्या तक बुलेट ट्रेन चलाने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव घोषणा कर चुके हैं। अब रेलवे सूत्रों का कहना है कि इसको लेकर सर्वे शुरू कर दिया गया है। क्योंकि अयोध्या में राम मंदिर बनने के बाद यहां श्रद्धालुओं की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। साथ ही इस क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन के लिए काफी संभावनाएं भी खुली हैं।
ऐसे में इस रूट के लिए तेज और सुरक्षित परिवहन के तहत आधुनिक रेल सुविधा के लिए योजना बनाई गई है। अब दिल्ली- अयोध्या हाईस्पीड रेल कॉरिडोर इस जरूरत को पूरा करेगा। गौरतलब है कि इस परियोजना के लिए काफी तेजी से काम किया जा रहा है। इसके तहत ड्रोन सर्वे से प्रस्तावित रूट की हवाई तस्वीरें लेकर यहां संभावनाओं का अंकलन किया जा रहा है।
इसके तहत जांच की जा रही है कि ट्रैक के रास्ते में पुल, एलिवेटेड ट्रैक या अंडरपास की कहां-कहां जरूरत होने वाली है। जैसे ही यह सर्वे का कार्य पूरा होगा, इसके बाद इस परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार कर परियोजना का काम आगे बढ़ाया जाएगा।
पटना तक होगी कनेक्टिविट
इस परियोजना के तहत योजना है कि बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को बिहार की राजधानी पटना तक बढ़ाया जाए। इसमें दिल्ली से आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी और पटना तक बुलेट ट्रेन चलाने की योजना है। भविष्य में यही कॉरिडोर असम के गुवाहाटी तक बढ़ेगा। इसके बनने से उत्तर प्रदेश के साथ बिहार और पूर्वोत्तर क्षेत्र तक पहुंच बहुत अधिक सुगम हो जाएगी।


