Haryana Roadways Bus Timing : हरियाणा में सर्दी होने के चलते स्कूल व कालेजों के समयसारणी बदल गई है, लेकिन हरियाणा रोडवेज की बसों का चलने का सिलसिला गर्मियों के स्कूल व कालेज टाइम के हिसाब से चल रहा है। ऐसे में अब हरियाणा रोडवेज ग्रामीण क्षेत्रों में चलने वाली बसों के टाइमिंग में बदलाव की तैयार कर रहा है। चरखी दादरी जिले में भी रोडवेज विभाग को भी अपने बस संचालन की व्यवस्था में बदलाव करना पड़ रहा है।
जिले में कई ऐसे रूट हैं, जिन पर स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों की संख्या अधिक रहती है। सुबह और दोपहर के समय विद्यार्थियों के एक साथ सफर करने के कारण बसों में भीड़ की स्थिति बन जाती है। ऐसे में विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए रोडवेज विभाग हर साल स्कूल-कॉलेजों के समय के अनुसार बसों की टाइमिंग में बदलाव करने के साथ अतिरिक्त बसें भी संचालित करता है।
हालांकि इस बार बसों की टाइमिंग में बदलाव और अतिरिक्त बसों के संचालन की प्रक्रिया पहले की तुलना में लंबी हो गई है। इसका कारण रोडवेज विभाग की ओर से लागू किया गया नया रोटेशन लॉक नियम है। इसके तहत सभी रूटों पर चलने वाली बसों का रोटेशन लॉक किया गया है। अब किसी रूट पर बस के समय में बदलाव करने या अतिरिक्त बस लगाने के लिए जिला मुख्यालय के माध्यम से मुख्यालय से अनुमति लेनी जरूरी हो गई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, रोटेशन लॉक होने के कारण बिना अनुमति बसों के संचालन में बदलाव नहीं किया जा सकता। इसके लिए पहले रोटेशन अनलॉक करवाने की मंजूरी लेनी होगी। इस प्रक्रिया में करीब 72 घंटे तक का समय लग सकता है। इसके बाद ही संबंधित रूट पर नई टाइमिंग के अनुसार बसों का संचालन या अतिरिक्त बस चलाना संभव होगा। ऐसे में विभाग ने विद्यार्थियों को परेशानी से बचाने के लिए पहले ही रोटेशन अनलॉक करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिले में कई ऐसे रूट हैं, जहां हर साल स्कूल और कॉलेजों के समय में बदलाव होने के बाद रोडवेज बसों की टाइमिंग में भी बदलाव करना पड़ता है। इनमें झोझू कलां से सतनाली, चरखी दादरी से बेरला व बाढड़ा, बाढड़ा से भांडवा, आर्य नगर व सिंघानी तथा चरखी दादरी से कितलाना वाया बिरही कलां से झोझू कलां सहित अन्य रूट शामिल हैं। इन रूटों पर सुबह और दोपहर के समय विद्यार्थियों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में बसों की टाइमिंग में बदलाव और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसों का संचालन करना जरूरी हो जाता है।


