Jhajjar Dadri Four Lane Highway : हरियाणा सरकार ने तीन राज्यों की सीधी कनेक्टिविटी देने के लिए नए 67 किलोमीटर लंबे नए फोरलेन की मंजूरी दी है। यह फोरलेन रोड का निर्माण एनएचएआई के द्वारा किया जाएगा और एनएचएआई द्वारा फोरलेन हाईवे के निर्माण के लिए 21 गांव के जमीन को चिन्हित कर लिया है। अब इन गांवों का रिकार्ड देखकर एनएचएआई द्वारा अधिग्रहण करके रिवार्ड राशि निर्धारित की जाएगी, ताकि रिवार्ड राशि देकर जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य शुरू करवाया जा सके।
झज्जर से दादरी तक बनने वाले फोरलेन से जिले में पांच गांव के बाहर से बाईपास बनाया जाएगा। इनमें चार गांव मोरवाला, अचीना, बिरही कलां व अटेला के अंदर से निकला हुआ था। लेकिन अब इन चारों गांव के बाहर से बाइपास बनाकर यह फोरलेन निकाला जाएगा। वहीं गांव कमोद व रावलधी के बीच से भी बाईपास निकलेगा जो लोहारू कैनाल के साथ साथ होते हुए भिवानी रोड से सीधा भैरवी में निकलेगा।
कहां से कहां तक बनेगा फोरलेन
यह फोरलेन झज्जर के गांव सिलानी से शुरू होकर नया गांव व डाबला गांव के बीच से होते हुए गांव कड़ौदा और मारौत के नजदीक से निकल कर कुछकवास पहुंचेगा। छुछकवास बाईपास बनाया जाएगा और यहां से सीधा दादरी के पहले गांव ईमलोटा पहुंचेगा। ईमलोटा से निकलते ही मोरवाला पहुंचने से पहले बाईपास निकाला जाएगा।
यहां से सीधा बालाजी पेट्रोल पंप से होते हुए अचीना गांव के नजदीक बाईपास बनाकर सीधा लोहरवाड़ा के नजदीक से गांव रावलधी व कमोद के बीच से निकाला जाएगा। इससे पहले गांव खातीवास से कमोद जाने वाले चौक पर फोरलेन का जलेबी चौक बनाया जाएगा। वहीं यह फोरलेन यहां से सीधा दादरी भिवानी रोड चरखी पावर हाऊस नजदीक निकलेगा। यहां से लोहारू चौक की जगह सीधा खेतों से होता हुआ भैरवी नजदीक एनएच 334बी पर निकलेगा। यहां से सीधा बिलावल तक जाएगा।
कमेटी देगी हर गांव के कलेक्टर रेट की डिटेल
राजस्व विभाग ने अपनी तरफ से एनएचएआई को जमीन के मालिकों की पूरी डिटेल एनएचएआई को उपलब्ध करवा दी है। वहीं इन मालिकों को नोटिस भी जारी कर दिए गए हैं। चिन्हित जमीन पर अब कोई भी निर्माण कार्य नहीं कर सकेगा। वहीं दूसरी तरफ अब एनएचएआई की तरफ से डीसी कमेटी से चिन्हित जगह में आने वाले गांव की कलेक्टर रेट सूची ली जाएगी। जिसके आधार पर ही एनएचएआई रिवार्ड जारी करेगा।
जल्द ही रिवार्ड जारी कर देगा एनएचएआई: विधायक
दादरी विधायक सुनील सांगवान ने बताया कि एनएचएआई को राजस्व विभाग की तरफ से चिन्हित जमीन के मालिकों की डिटेल उपलब्ध करवा दी गई है। अब फोरलेन निकलने वाले 21 गांव के कलेक्टर रेट के लिए डीसी कमेटी से सूची मांगी जाएगी। हमारा प्रयास है जल्द रिवार्ड जारी करवाया जाए और नव वर्ष पर फोरलेन का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाए। जिससे सीधा दिल्ली व गुरूग्राम से जुड़ाव हो जाएगा और फोरलेन होने से सड़क हादसों पर भी अंकुश लगेगा।
67 किलोमीटर लंबा बनेगा फोरलेन, 3 राज्य से जुड़ाव
एनएच 334बी यूपी के मेरठ से लेकर राजस्थान के पीलानी तक बना हुआ है। यह तीन राज्यों को एक ही सड़क मार्ग से जोड़ता है। लेकिन इसका झज्जर से लेकर लोहारू तक फोरलेन की बजाय 10 मीटर चौड़ा सिंगल रोड बनाया हुआ है। लेकिन अब झज्जर के सिलानी गांव से लेकर दादरी के गांव बिलावल तक सड़क मार्ग को फोरलेन किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट में 21 गांव से निकलने वाले फोरलेन की लंबाई 67 किलो मीटर लंबी रहेगी और एनएचएआई इस पर करीब 4 हजार करोड़ का बजट खर्च करेगा।