Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में बिजली नेटवर्क होगा मजबूत, 33केवी के दो नए पावर हाउस मंजूर

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में बिजली नेटवर्क होगा मजबूत, 33केवी के दो नए पावर हाउस मंजूर

Rewari Power House : रेवाड़ी जिले में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हरियाणा बिजली वितरण निगम ने बड़ा कदम उठाया है। निगम की तरफ से कापड़ीवास और गंगायचा जाट गांव में 33 केवी के दो नए पावर हाउस बनाए जाएंगे। उपभोक्ताओं की बढ़ती संख्या और बढ़ रहे लोड को देखते हुए निगम ने यह निर्णय लिया है। दोनों गांवों की पंचायतों से जमीन का प्रस्ताव मिलने के बाद निगम ने फाइल मुख्यालय भेजी गई थी, जिस पर मुख्यालय से मुहर लगा दी गई है। अब बजट मंजूर होने के पश्चात निगम टेंडर लगाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

प्रत्येक पावर हाउस पर खर्च होंगे चार करोड़

प्रत्येक पावर हाउस पर निगम की तरफ से करीब चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन पावर हाउसों के बनने से आसपास के गांवों में बिजली की आपूर्ति और बेहतर होगी। वोल्टेज की समस्या खत्म होगी और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग से भी लोगों को राहत मिलेगी। नए पावर हाउस बनने से जिले में 33 केवी पावर हाउसों की संख्या 45 हो जाएगी। वर्तमान में जिले में 43 पावर हाउस काम कर रहे हैं। निगम का कहना है कि नए पावर हाउसों के बनने से लोड का बंटवारा सही तरीके से हो सकेगा और पुराने पावर हाउसों पर दबाव कम होगा।

3.60 लाख उपभोक्ताओं को मिल रही बिजली

वर्तमान में जिले में निगम की तरफ से 3.60 लाख उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति की जा रही है। पिछले कुछ वर्षों में उपभोक्ताओं की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। नए घर, उद्योग, ट्यूबवेल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी को देखते हुए निगम ने नए पावर हाउस बनाने की योजना तैयार की है। कापड़ीवास और गंगायचा जाट के आसपास के गांवों में भी बिजली की समस्या रहती है। खासकर गर्मियों में लोड बढ़ने से ट्रांसफार्मर फुंकने और लो वोल्टेज की शिकायतें आती हैं। नए पावर हाउस बनने से इन समस्याओं से निजात मिलेगी।

बिजली वितरण निगम के अधीक्षक अभियंता विजयपाल यादव ने बताया कि मुख्यालय की तरफ से नए पावर हाउस बनाने के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई है। अब मुख्यालय से बजट स्वीकृत होने के पश्चात टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। नए पावर हाउस बनने से निश्चित रूप से इन क्षेत्रों के गांवों को निर्बाध रूप से बिजली की आपूर्ति हो सकेगी।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

हरियाणा के इस शहर के तीन रेलवे ओवरब्रिज पर लगेंगे साउंड बैरियर, 21 कालोनियों के लोगों को मिलेगी राहत