Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

सोनीपत में बनेगा स्मार्ट मास्टर रोड, सेक्टर 15 में साइकिल ट्रैक के साथ सुधरेगा ट्रैफिक सिस्टम

सोनीपत में बनेगा स्मार्ट मास्टर रोड, सेक्टर 15 में साइकिल ट्रैक के साथ सुधरेगा ट्रैफिक सिस्टम

Sonipat Smart Road : सोनीपत शहर के प्रमुख रिहायशी क्षेत्रों सेक्टर-15 और सेक्टर-12 की सूरत जल्द बदलने वाली है। यहां यातायात दबाव कम करने और बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए दो बड़ी प्लानिंग की गई हैं। सेक्टर-15 मार्केट रोड को स्मार्ट मास्टर रोड के रूप में विकसित किया जाएगा।

इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के तहत सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा और राहगीरों व साइकिल चालकों की सुविधा के लिए अलग से साइकिल ट्रैक भी बनेगा। इसके साथ ही, दोनों सेक्टरों की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने का खाका भी तैयार किया गया है। पहले चरण के तहत स्मार्ट रोड के लिए नगर निगम ने सोनीपत मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी को पत्र लिखकर अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मांगा है।

बीच के गेट हटेंगे, एंट्री प्वाइंट पर ही होंगे गेट

चोरी व स्नेचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दोनों सेक्टरों की बाहरी सीमाओं पर तीन-तीन फीट ऊंची पक्की दीवार बनाई जाएगी और उसके ऊपर लोहे की मजबूत रेलिंग लगाई जाएगी। घेराबंदी के बाद सेक्टरों के बीच में लगे गेट बंद कर दिए जाएंगे। केवल निर्धारित एंट्री प्वाइंट पर ही मुख्य गेट लगेंगे। इससे बाहरी तत्वों की अनधिकृत आवाजाही रुकेगी और हर वाहन व व्यक्ति पर नजर रखना आसान होगा।

स्मार्ट रोड पर बनेगा साइकिल ट्रैक

सेक्टर-15 की मुख्य मार्केट रोड पर वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसे देखते हुए प्रशासन ने इसे स्मार्ट मास्टर रोड के तौर पर विकसित करने की योजना बनाई है। इस सड़क को चौड़ा किया जाएगा, जिससे खरीदारी करने आने वाले लोगों और सेक्टर के निवासियों का आवागमन सुगम हो सकेगा। स्मार्ट रोड प्रोजेक्ट के तहत मुख्य सड़क के साथ-साथ साइकिल ट्रैक का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे साइकिल चालकों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा और मुख्य सड़क पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा।

एसएमडीए की मंजूरी का इंतजार

नियमों के अनुसार, शहर के सेक्टरों की बाहरी सड़कों और मास्टर सर्विस से जुड़े कार्यों का रखरखाव व नियंत्रण एसएमडीए के पास है इसलिए नगर निगम को कार्य शुरू करने से पहले एसएमडीए की मंजूरी लेना अनिवार्य है। जनहित से जुड़ा प्रोजेक्ट होने के कारण जल्द ही हरी झंडी मिलने की उम्मीद है। आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ योजना में सेक्टर-15 और सेक्टर-12 की सुरक्षा को भी अहम स्थान दिया गया है।

स्मार्ट रोड बनने से जाम की समस्या खत्म होगी

नगर निगम पार्षद वार्ड 4 निवासी त्रिभुवन कौशिक ने बताया कि सेक्टर-15 और 12 में लगातार आबादी बढ़ रही है। ऐसे में लोगों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षा देना हमारी प्राथमिकता है। स्मार्ट रोड बनने से जाम की समस्या खत्म होगी, वहीं बाहरी दीवार, रेलिंग व एंट्री प्वाइंट पर गेट लगने से चोरी व अन्य वारदातों पर लगाम लगेगी। नगर निगम की ओर से एसएमडीए को एनओसी के लिए पत्र भेज दिया गया है। मंजूरी मिलते ही इस पूरी प्लानिंग को ग्राउंड पर लाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

हरियाणा की बेटी लाखों रुपए का पैकेज छोड़ बनी साध्वी, 37 वर्षीय अक्षिता बिताएगी अब सन्यासी जीवन