भरतपुर जिले के रूपबास रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर और यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ रेलवे से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अखिल राजस्थान जन विकास ने मांग तेज कर दी है। जन विकास मंच के पदाधिकारियों ने रूपवास रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर डीआरएम आगरा को ज्ञापन सौंपा है। डीआरएम के स्टेशन निरीक्षण के दौरान प्रदेश अध्यक्ष हरिशंकर शर्मा, रेलवे सलाहकार समिति सदस्य एवं पूर्व तहसीलदार मटोलीराम शर्मा, शिक्षाविद ओमकार शुक्ला, पार्षद धीरज शुक्ला एडवोकेट और समाजसेवी ठाकुर रामेश्वर सिंह परमार के नेतृत्व में ट्रेनों के ठहराव को लेकर ज्ञापन दिया गया।
राजस्थान जन विकास मंच ने इन ट्रेनों के ठहराव के लिए उठाई मांग
राजस्थान प्रदेश के भरतपुर जिले में रूपबास रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर प्रदेश अध्यक्ष हरिशंकर शर्मा ने बताया कि असरवा-आगरा कैंट ट्रेन सख्या 20177 व 20178 का नियमित ठहराव करने, मुंबई सेंट्रल धौलपुर, बांद्रा टर्मिनस धौलपूर और उधना- कानपुर सेंट्रल साप्ताहिक ट्रेनो का ठहराव करने की मांग की गई। इसके अलावा आगरा से रूपवास, बयाना, गंगापुर सिटी और दौसा होकर जयपुर के लिए नई ट्रेन चलाने तथा आगरा कैंट-बयाना शटल ट्रेन दोबारा शुरू करने की मांग रखी।
रेलवे चौकी फिर से शुरू करने हेतु डीआरएम से की मांग
राजस्थान जन विकास मंच ने रेलवे चौकी संख्या 29 और पोल संख्या 27 के पास पुरानी चौकी दोबारा शुरू करने हेतु डीआरएम के सामने अपनी मांग रखी। इसके अलावा ज्ञापन में कोच पोजिशन डिस्प्ले लगाने और नए स्टेशन भवन में प्रतीक्षालय बनाने के साथ वृद्ध एवं दिव्यांग यात्रियों के लिए ढलान मार्ग बनाने, दोनों तरफ टिकट खिड़की खोलने और आरक्षण खिड़की की व्यवस्था यथावत रखने की भी डीआरएम से मांग की है। इस दौरान युवा नेता अरुण परमार, पूर्व शिक्षा अधिकारी भगवान दास गुप्ता, लतेश सिंघल, पंच सत्यवीर सिंह किरार, पंच कृष्ण गोपाल दत्तात्रेय बंटी, ठाकुर रामवीर सिंह परमार, हरिराम कटारा, राकेश शर्मा आगरा वाले, निरंजन सिंह, राजेश शर्मा और राजेश परमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


