Haryana Higher Education : हरियाणा सरकार द्वारा उच्च शिक्षा के लिए कालेजों की स्थिति को सुधारने के लिए कदम उठाया है। जहां पर कालेजों में आधुनिक लाइब्रेरी से लेकर नए भवन बनाने की मंजूरी दी जा रही है। इसी कड़ी में
महेंद्रगढ़ जिले के सरकारी कालेजों की तस्वीर बदलने और विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से जिले के सरकारी कालेजों में छह विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए कुल 54.57 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही इन परियोजनाओं को गति देने और लंबित देनदारियों का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए 25.38 करोड़ रुपये खर्च करने की अनुमति भी मिल गई है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे मजबूत बनेगा व कहा कि कालेजों में आधुनिक भवन, पर्याप्त कक्षाएं, बेहतर प्रयोगशालाएं और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं होंगी व उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से वित्त वर्ष 2026 27 की चौथी तिमाही के लिए उपलब्ध 84.60 करोड़ रुपये के बजट में से 30 प्रतिशत यानी 25.38 करोड़ रुपये खर्च करने की अनुमति दी गई है। इससे जिले के सरकारी कालेजों में पहले से चल रहे निर्माण कार्यों को तेजी मिलेगी और लंबित भुगतान भी किए जा सकेंगे।
इन कालेजों में होंगे करोड़ों रुपये के विकास कार्य
स्वीकृत परियोजनाओं के तहत राजकीय महिला महाविद्यालय, महेंद्रगढ़ में 15.22 करोड़ रुपये की लागत से आठ अतिरिक्त कक्षाओं और साइंस ब्लाक का निर्माण किया जाएगा। इससे छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण और विज्ञान विषयों के अध्ययन के लिए आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी। राजकीय महाविद्यालय, नांगल चौधरी में 12.35 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक लाइब्रेरी एवं टीचिंग ब्लाक का निर्माण होगा।
इससे विद्यार्थियों को अध्ययन और शिक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। राजकीय महाविद्यालय, अटेली में साइंस ब्लाक की संशोधित लागत के तहत 1.45 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अतिरिक्त कालेज में 29 कक्षाओं वाले नए भवन के निर्माण के लिए 20.54 करोड़ रुपये तथा मल्टीपर्पज हाल की संशोधित लागत के लिए 4.04 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसी प्रकार राजकीय महाविद्यालय, नारनौल में 94.59 लाख रुपये की लागत से चारदीवारी, गार्ड रूम व मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा।


