Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में इस बार 21 दिन अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव चलेगा। हर साल कुरुक्षेत्र में होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की तारीखों का ऐलान हो गया है। इस बार 21 दिन चलने वाले महोत्सव का आयोजन 5 से 25 दिसंबर तक होगा। हालांकि यह आयोजन हर बार ही बड़े व्यापक स्तर पर होता है, लेकिन इस बार इसको और भी अधिक भव्य बनाया जाएगा।
हालांकि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का मुख्य आयोजन कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर पर होता है, लेकिन इस बार इसको व्यापक रूप देते हुए गीता की जन्मस्थली ज्योतिसर तीर्थ पर भी आयोजन होगा। यहां पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।
कुरुक्षेत्र में होने वाले गीता जयंती समारोह के साथ-साथ ज्योतिसर में भी सांस्कृतिक संध्याएं, गीता सेमिनार, सरस मेला, शिल्प मेला, लाइट एंड साउंड शो जैसे कार्यक्रम होंगे। यहां दर्शकों के लिए काफी अच्छे इवेंट्स तय किए गए हैं। इसको लेकर प्रदेश सरकार द्वारा तैयारियां शुरू की गई हैं।
इस आयोजन को लेकर कुरुक्षेत्र जिला प्रशासन के साथ कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसको लेकर सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डा. आदित्य दहिया द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की गई।
7 दिन के होंगे मुख्य आयोजन
हालांकि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव 21 दिन चलेगा, लेकिन इसमें मुख्य आयोजन 7 दिन के होंगे। इसको लेकर डा. आदित्य दहिया ने बताया कि 14 से 20 दिसंबर तक ब्रह्मसरोवर और ज्योतिसर तीर्थ पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों में हरियाणा पवेलियन, सरस मेला, शिल्प मेला, गीता सेमिनार और सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा लाइट एंड साउंड शो और भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप के दर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
देश-विदेश के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
सांस्कृतिक लिहाज से यह आयोजन काफी व्यापक होता है। इसमें अलग-अलग मंचों पर कलाकारों की प्रस्तुतियां रहती हैं। कुरुक्षेत्र के डीसी विश्राम कुमार मीणा के अनुसार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देश के प्रसिद्ध सूफी गायकों, बॉलीवुड गायकों, हरियाणवी लोक कलाकारों और विदेशी सांस्कृतिक कलाकारों की प्रस्तुतियां रहेंगी।
अलग-अलग द्वार देंगे गीता का संदेश
इस आयोजन के दौरान गीता के थीम पर ही 18 द्वार बनाए जाएंगे। इसमें हर द्वार गीता एक अध्याय पर आधारित होगा। इससे लोगों को सहजता से गीता के सार के बारे में जानकारी मिलेगी। इस आयोजन में हर साल लागों लोग पहुंचते हैं। ऐसे में तमाम व्यवस्थाएं करने के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।