Madhya Pradesh Development : एमपी सरकार द्वारा नीमच मंदसौर अंचल के विकास का नया खाका तैयार हो रहा है। इंडस्ट्रियल पार्क, चीता परियोजना और 1920 मेगावाट की ग्रीनको परियोजना इस क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदलने की क्षमता रखती हैं। इसी विकास यात्रा को गति देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 271.99 करोड़ रुपए के 111 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीमच मंदसौर क्षेत्र को देश के बड़े औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने अल्पवर्षा से प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग 6-4 के प्रावधानों के तहत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
सीएम ने यहां, विकास कार्यों की सौगातें देने के साथ ही रोड शो करते हुए जनता के बीच पहुंचे। इस दौरान विधायक माधव मारू, सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, विधायक दिलीप सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
उज्जैन में कांग्रेस पर सीएम ने बोला हमला
भाजपा ने मंगलवार को उज्जैन में सीएम डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा निकाली। इसमें सीएम ने कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए। कहा, गरीब परिवार का चाय वाला प्रधानमंत्री बनकर सरकार चला रहा है तो कांग्रेस का दिमाग खराब हो रहा है। सीएम ने कहा, अपने कार्यकाल में 90 चुनी हुई सरकारें गिराने वाली कांगेस आज लोकतंत्र की बात कर रही है। लोगों को भ्रमित करने लोकतंत्र पर खतरे का ढोंग कर रही है।


