Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

राजस्थान के इस जिले की 40 किमी सीसी सड़क समेत कई प्रोजेक्ट तैयार, 140 करोड़ से सुधरेंगे ग्रामीण मार्ग

राजस्थान के इस जिले की 40 किमी सीसी सड़क समेत कई प्रोजेक्ट तैयार, 140 करोड़ से सुधरेंगे ग्रामीण मार्ग

Rajasthan Infrastructure : राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों का सुधार होने वाला है। राजस्थान के कोटा जिले ें बारिश के बाद बदहाल हुई सड़कों और क्षतिग्रस्त पुलियाओं से जल्द राहत मिलेगी। जिले में आवागमन सुगम बनाने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने तैयारियां शुरू कर दी है।

विभाग के सातों क्षेत्रों में सड़क और पुलिया निर्माण व मरम्मत के लिए 140 करोड़ रुपए से अधिक के प्रस्ताव तैयार किए जा चुके हैं। अब इन कार्यों को धरातल पर उतारने की तैयारी है। पंचायतीराज चुनाव की आचार संहिता के कारण जरूरी कामों की प्रक्रिया अटकी हुई थी। ऐसे में विभाग ने पहले से ही कार्यों का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है, ताकि आचार संहिता समाप्त होते ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जिले में पीडब्ल्यूडी के सात अलग-अलग क्षेत्र है। इन सभी क्षेत्रों में अलग-अलग अधिशासी अभियंता तैनात है। बरसात के बाद सड़कों की स्थिति और पुलियाओं को हुए नुकसान को देखते हुए संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में आवश्यक कार्यों का आकलन किया है। इसके आधार पर सड़क और पुलिया निर्माण तथा मरम्मत के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।

अब तक 140 करोड़ रुपए से अधिक के प्रस्ताव तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा अन्य आवश्यक कार्यों के प्रस्ताव बनाने की प्रक्रिया भी जारी है। बरसात के दौरान जिले की कई सड़कों को नुकसान पहुंचा। कहीं सड़कें उखड़ गई तो कहीं गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर पुलियाओं को भी नुकसान पहुंचा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने के साथ ही लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

खासकर ग्रामीण इलाकों में सड़क और पुलिया खराब होने से लोगों का मुख्य मार्गों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। बरसात समाप्त होने के बाद इन क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलियाओं की मरम्मत व निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन इसी दौरान पंचायतीराज चुनाव की आचार संहिता लागू होने से नए कार्यों की प्रक्रिया प्रभावित हो गई। जरूरी कार्यों को लेकर विभागीय स्तर पर तैयारियां तो की जाती रहीं, लेकिन नियमानुसार आगे की कार्रवाई नहीं हो सकी।

आचार संहिता हटते ही आगे बढ़ेगी प्रक्रिया

अब पीडब्ल्यूडी ने आचार संहिता समाप्त होने के बाद काम शुरू कराने की तैयारी तेज कर दी है। विभागीय अधिकारियों ने अपने अपने क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर जरूरी कार्य चिह्नित किए हैं। इनके प्रस्ताव तैयार कर आगे की प्रक्रिया के लिए खाका बनाया जा रहा है। आचार संहिता की गाइडलाइन के अनुसार इसकी अवधि समाप्त होने के बाद ही कार्यों की विधिवत

प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विभाग का जोर उन सड़कों और पुलियाओं पर रहेगा, जिनके क्षतिग्रस्त होने से आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही है। सड़कें दुरुस्त होने से ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क बेहतर होगा और वाहन चालकों को भी राहत मिलेगी। पुलियाओं की मरम्मत और निर्माण से बरसात के दौरान बाधित होने वाले रास्तों को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।

ये बनेगी सड़कें

देवली से ढोटी होकर चार चौमा तक सीसी सड़क का निर्माण, 40 किमी की सीसी सड़क पर 100 करोड़ रुपए का प्रस्ताव।

देवलीकलां से घाटोली तक 8 किमी सड़क चौड़ीकरण पर 12 करोड़ रुपए से निर्माण का प्रस्ताव।

कोटा के सार्वजनिक निर्माण विभाग के जेईएन अशोक ने बताया कि जिले में सड़कों के निर्माण से लेकर पुलियाओं के निर्माण कार्यों के लिए खाका तैयार किया जा रहा है। इसके तहत डामर व सीसी सडकों व अन्य निर्माण किए जाएंगे। आचार संहिता खत्म होते ही निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

क्रिकेट एशिया कप में भारत का जलवा, 11वीं बार फाइनल पहुंच बनाया रिकार्ड, अब पाकिस्तान से खिताबी भिड़ंत