Lalgarh Kolayat Special Train : राजस्थान में इन दिनों मेलों का सीजन चला हुआ है। इसके चलते रेलवे विभाग द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनों का इंतजाम किया जा रहा है। कोलायत में 24 नवंबर को आयोजित होने वाले श्री कपिल मुनि मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए रेलवे की ओर से लालगढ़-कोलायत लालगढ़ के बीच तीन जोड़ी अनारक्षित स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन किया जाएगा।
ये ट्रेनें 23 व 24 नवंबर को अलग-अलग समय पर संचालित होंगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार पहली स्पेशल ट्रेन 23 व 24 नवंबर को लालगढ़ से शाम 4 बजे रवाना होकर 5.10 बजे कोलायत पहुंचेगी। वापसी में यह कोलायत से शाम 6.15 बजे रवाना होकर 7.15 बजे लालगढ़ पहुंचेगी।
दूसरी ट्रेन 24 नवंबर को सुबह 5.35 बजे लालगढ़ से रवाना होकर 6.50 बजे कोलायत पहुंचेगी। वापसी में सुबह 7.20 बजे रवाना होकर 8.15 बजे लालगढ़ पहुंचेगी। वहीं तीसरी ट्रेन 24 नवंबर को लालगढ़ से सुबह 10.50 बजे रवाना होकर दोपहर 12 बजे कोलायत पहुंचेगी। वापसी में दोपहर 12.40 बजे रवाना होकर 1.40 बजे लालगढ़ पहुंचेगी।
तीनों रेलसेवाओं का नाल हॉल्ट व गजनेर स्टेशन पर ठहराव रहेगा। प्रत्येक ट्रेन में 10 साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बों सहित कुल 12 डिब्बे होंगे। गौरतलब है कि श्री कपिल मुनि मेले में बीकानेर के साथ श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।


