Senior Citizen Pilgrimage Scheme 2026 : राजस्थान सरकार द्वारा बुजुर्गों में मुफ्त में तीर्थयात्रा करवाई जाएगी। इसके लिए बुजुर्गों को ट्रेन के माध्यम से देश के महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों पर लेकर जाएंगे और वहां से उनकी यात्रा करवाकर वापस घर छोड़ेंगे। राजस्थान के देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना-2026 के तहत आज वरिष्ठ नागरिकों की विशेष तीर्थयात्रा ट्रेन भगत की कोठी रेलवे स्टेशन से रवाना होगी।
इस यात्रा के माध्यम से जोधपुर संभाग के पांच जिलों के 558 वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों की निःशुल्क तीर्थयात्रा करवाई जाएगी। देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश पालीवाल ने बताया कि यात्रा में जोधपुर, जैसलमेर, फलोदी, बालोतरा और बाड़मेर जिले के चयनित वरिष्ठ नागरिक शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विशेष ट्रेन भगत की कोठी रेलवे स्टेशन से दोपहर 12:15 बजे रवाना होगी। यात्रा के दौरान बुजुर्गों को हरिद्वार, ऋषिकेश, अयोध्या, वाराणसी और सारनाथ सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे।
तीर्थस्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना
उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु यात्रा व्यवस्था के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। विभाग की ओर से संबंधित रेलवे कैटरिंग व पर्यटन निगम को यात्रियों के लिए भोजन, आवास और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों की धार्मिक आस्था को सम्मान देते हुए उन्हें प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध करवाना है।


