Bus Fare Hike : एमपी के भिंड से त्योहार पर अपने घर आए लोगों की अब अपने काम पर वापसी शुरू होने लगी है। दिल्ली, इंदौर, भोपाल, जयपुर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा, गाजियाबाद एवं अन्य बड़े शहरों में काम करने वाले लोगों की वापसी की भीड़ का फायदा बस संचालक उठा रहे हैं। भीड़ का दबाव अधिक होने से बस संचालकों ने किराए में अचानक वृद्धि कर दी है।
दिल्ली जाने वाली एसी बसों में प्रति यात्री 60-70 प्रतिशत तक किराया बढ़ाकर लिया जा रहा है। त्योहार मनाकर लौट रहे यात्रियों के पास कोई विकल्प नहीं है, इसलिए वे मजबूरी में बढ़ा हुआ किराया देने को विवश है। दिल्ली के लिए जाने वाली लक्जरी बसों में सिंगल सीट का सिटिंग का किराया सामान्य दिनों में 600 रुपए लगता है, लेकिन इस समय एक हजार रुपए लिया जा रहा है।
आठ सो रुपए वाली स्लीपर सीट का किराया इस समय 1400 रुपए तक लिया जा रहा है। खास बात यह है कि इन बसों की कभी जांच नहीं होती और लोग छह माह और साल भर में एक बार आते-जाते हैं, इसलिए शिकायत भी नहीं करते हैं। दिल्ली जा रहे एक यात्री ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया उसने 13 नवंबर के लिए बैठने वाली सीट बुक की है, जिसका किराया एक हजार रुपए लिया गया है।
जबकि जिस स्लीपर सीट का किराया आते वक्त आठ सौ रुपए था, उसके लिए 1400 रुपए मांगे जा रहे हैं। यात्री ने बताया कि आते समय भीड़ कम थी तो किराया सामान्य था, लेकिन अब जाते समय बस संचालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि बस संचालक त्योहार, शादी और लंबी छुट्टियों के समय हर बार यही करते हैं। पहले से बुकिंग कराने पर भी किराया बढ़ा हुआ ही बताते है।
कभी नहीं होती आकस्मिक जांच
परिवहन विभाग के अधिकारी कोरम पूरा करने के लिए बसों के दस्तावेज, फायर फाइटिंग सिस्टम एवं इमरजेंसी विंडो तो देख लेते हैं, लेकिन किराए को लेकर कभी लंबी दूरी की बसों में जांच नहीं करते। यही कारण है कि बस संचालकों के हौसले बुलंद है। विभाग की ओर से किराए की कोई रेट लिस्ट भी बसों पर चस्पा नहीं कराई जाती, जिससे यात्रियों को सही किराए की जानकारी ही नहीं मिल पाती।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि परिवहन विभाग त्योहार के समय बस स्टैंड और बुकिंग काउंटरों पर औचक जांच करे और ओवरचार्जिंग पर जुर्माना लगाए तो इस मनमानी पर रोक लग सकती है। लेकिन जांच न होने से यात्रियों को हर बार लूट का शिकार होना पड़ता है।
भिण्ड बस ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष कल्लू सिंह ने बताया कि मप्र शासन ने किराया बढ़ाने को मंजूरी प्रदान कर दी है। अब सामान्य तौर पर दो रुपए प्रति किलोमीटर किराया हो गया है। लोकल की बसों में कंपटीशन के चक्कर में बढ़ा हुआ किराया नहीं ले रहे हैं, लंबी दूरी की बसों में भीड़ के चक्कर में बढ़ा हुआ किराया वसूला जा रहा है।
मिण्ड डीटीओ राजेंद्र सोनी ने बताया कि बस संचालक बढ़ा हुआ किराया ले रहे हैं तो गलत है। नियम से ज्यादा नहीं ले सकते, लेकिन इस संबंध में कोई शिकायत नहीं करता, इसलिए कार्रवाई नहीं हो पाती है।