Ramdevra Rameswaram Train : पश्चिमी राजस्थान के प्रमुख धार्मिक स्थल रामदेवरा से दक्षिण भारत के प्रसिद्ध तीर्थ रामेश्वरम तक सीधी रेल कनेक्टिविटी का सपना अब तक अधूरा है। भुज-जालोर-नई दिल्ली सीधी रेल करीब छह माह पहले मई में सेवा के शुभारंभ अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सामने उठी इस मांग पर अब तक धरातल पर कोई ठोस पहल नजर नहीं आई है।
स्वागत भाषण के दौरान जालोर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी ने दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों को सीधे रेल मार्ग से जोडने के लिए धार्मिक स्पेशल रेलवे कॉरिडोर ट्रेन शुरू करने की मांग रखी थी। रेल मंत्री ने इस पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इस रेल सेवा के शुरू होने से पश्चिमी राजस्थान सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थस्थल रामेश्वरम तक पहुंचने में सुविधा मिल सकती है। साथ ही धार्मिक पर्यटन और दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके बावजूद मांग को लेकर अब तक कोई ठोस प्रगति सामने नहीं आई है।
अब तक मांगों हुई मांगों की स्थिति
जालोर से दक्षिण भारत के लिए सीधी रेल सेवा की मांग करीब एक दशक से उठ रही थी। लंबे इंतजार के बाद चेन्नई एक्सप्रेस के संचालन से यह मांग पूरी हुई और दक्षिण भारत में रहने वाले प्रवासियों को बड़ी राहत मिली। इस मांग को लेकर सांसद लुंबाराम चौधरी ने भी लगातार पैरवी की थी। इसी तरह जयपुर और दिल्ली के लिए भी अब नियमित रेल सेवाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में रामदेवरा रामेश्वरम धार्मिक रेल कॉरिडोर की मांग भी क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण बनी हुई है।
इस तरह का रहा रेलवे का सफर
समदड़ी-भीलड़ी रेल खंड 100 साल पुराना है और समय के साथ काफी बदलाव हुआ है। पहले यह मीटर गेज ट्रेक था। जो 2009 में ब्रॉडगेज में क्रमोन्नत हुआ। उसके बाद 14 अक्टूबर 2010 को ब्रॉडगेज पर पहली बार यात्री गाड़ी का संचालन किया गया। शुरुआत में नियमित रूप से डेमू ट्रेन का संचालन ही हो रहा था। जोधपुर गांधीधाम हफ्ते में 3 दिन और बीकानेर-दादर हफ्ते में दो दिन संचालित थी। लेकिन लगातार मांग के बाद अब इस रेल रूट पर मुंबई, अहमदाबाद, जैसलमेर, जयपुर, दिल्ली तक के लिए सीधी ट्रेनों का संचालन हो चुका है।
जालोर सिरोही से सांसद लुंबाराम चौधरी ने कहा कि इन्होंने कहा रामदेवरा बड़ा धार्मिक स्थल है और यहां देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसी तरह रामेश्वरम भी जन जन की आस्था का केंद्र है। मैंने इस दोनों धार्मिक स्थलों को कनेक्ट करने वाली ट्रेन संचालन की मांग की थी, लिखित में भी दिया था। प्रयास रहेगा इस ट्रेन का संचालन हो जाए।


