MP Industrial Corridor : भोपाल, इंदौर से नर्मदापुरम तक विकसित हो रहे औद्योगिक कॉरिडोर को मोहासा रिन्यूएबल एनर्जी, पावर इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग जोन रीढ़ बन जाएगा। एनर्जी पार्क के फेस टू में प्रसिद्ध औद्योगिक गैस निर्माता कंपनी एलनबेरी ने 500 करोड़ से स्पेशलिटी गैस प्लांट बनाना शुरू कर दिया। इससे कारखानों में उपयोग होने वाली शुद्ध गैस बनाकर पूरे प्रदेश में सप्लाई की जाएगी। कंपनी ने एमपीआईडीसी से सैकड़ों स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार देने का करार भी किया है।
एमपीआईडीसी ने कंपनी को औद्योगिक क्षेत्र में 18 एकड़ भूमि आवंटित की है। इस घर कारखाना का निर्माण शुरू हो गया है। कर्मचारी आवास सहित कई स्टेक्चर का निर्माण किया जा रहा है। अत्याधुनिक स्पेशलिटी गैस प्लांट सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंटस, हैवी इंजीनियरिंग, स्टील और फार्मास्युटिकल उद्योगों के लिए उच्च शुद्धता वाली औद्योगिक गैसों का निर्माण करेगा। कारखाना भोपाल, नर्मदापुरम, इंदौर औद्योगिक कॉरिडोर में कारखानों को क्रायोजेनिक टैंकरों और हार्ड प्रेशर सिलेंडरों के जरिए गैस सप्लाई करेगा।
रोजगार के साथ क्षेत्र का विकास
गैस प्लांट स्थापित होने से स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। तकनीकी विशेषज्ञों, इंजीनियरों, कुशल श्रमिकों के साथ लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्टेशन और मेंटेनेंस के क्षेत्र में स्थानीय युवाओं की भागीदारी होगी। स्थानीय व्यापार और जिले की आर्थिक मजबूती औद्योगिक हब को नई पहचान दिलाएगी।
लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी, उत्पादन बढ़ेगा
औद्योगिक इकाइयों को विशेष और शुद्ध गैसों की आपूर्ति के लिए दूसरे राज्यों के संयंत्रों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे कारखानों को परिवहन लागत अधिक देना पड़ती है। प्लांट के शुरू होने से लॉजिस्टिक्स लागत में भारी कमी आएगी। कारखानों का उत्पादन सुचारू होकर गति पकड़ेगा।
एमपीआईडीसी के रीजनल मैनेजर परिक्षित मीणा ने बताया कि मोहासा फेस टू में 18 एकड़ में एलनबेरी स्पेशलिटी गैस प्लांट निर्माण शुरू हो गया है। 500 करोड़ की लागत से बनने वाले प्लांट में 250 स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। प्लांट भोपाल, इंदौर नर्मदापुरम औद्योगिक कॉरिडोर के कारखानों को गैस सप्लाई करेगा।


