Rajasthan News: राजस्थान प्रदेश में सरकार ने 7 साल बाद फसल कैलेंडर में बदलाव किया है। राजस्थान सरकार द्वारा बीज उत्पादन, प्रमाणीकरण और वितरण के फसल कैलेंडर में संशोधन कर नई तारीखें निर्धारित करने से किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। सरकार द्वारा जारी किए गए नए कैलेंडर में बीज उत्पादन के लिए बुवाई के साथ बोए गए क्षेत्र की जानकारी जमा करने के लिए नई तारीख निर्धारित की गई है। इसके अलावा नए फसल कैलेंडर के अनुसार कच्चे बीज की प्रोसेसिंग प्लांट में आपूर्ति, जांच, पैकिंग और बाजार में उपलब्धता तक की तारीखें भी निर्धारित की गई हैं।
सरकार द्वारा जारी किए गए नए फसल कैलेंडर के अनुसार सोयाबीन के कच्चे बीज की प्रोसेसिंग प्लांट में आपूर्ति की अंतिम तारीख 15 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं मक्का की 7 जनवरी 2027 तय की गई है। नए फसल कैलेंडर के अनुसार दोनों फसलों के बीज की प्रोसेसिंग 15 मई 2027 तक पूरी करनी होगी। वहीं पैकिंग की अंतिम तारीख 25 जून 2027 व बाजार में उपलब्धता 30 जून निर्धारित की है।
बता दें कि सरकार ने 7 अक्टूबर 2019 के बाद तकरीबन 7 साल बाद इस कैलेंडर में बदलाव किया है। राजस्थान कृषि विभाग ने कृषि जलवायु में बदलाव, उन्नत किस्मों और खेती की तकनीक में सुधार तथा बीज उत्पादक एजेंसियों की मांग को ध्यान में रखते हुए हुए नए समय-सीमा तय किया है। सरकार द्वारा फसल का निरीक्षण होने के बाद प्रमाणित, अस्वीकृत व निरीक्षित क्षेत्र के साथ संभावित उपज का विवरण साथी पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध कराने का प्रावधान भी किया गया है।
बीज उत्पादन में सोयाबीन पर रखा गया है ज्यादा फोकस
राजस्थान राज्य बीज निगम के माध्यम से खरीफ 2026 में सोयाबीन का बीज उत्पादन बड़े स्तर पर कराया जा रहा है। इस योजना के तहत अकेले बांसवाड़ा जिले के 34 गांवों में 1190.97 हेक्टेयर क्षेत्र में कराया जा रहा है वहीं मक्का फसल का उत्पादन बांसवाड़ा जिले के केवल तीन गांवों में 53.59 हेक्टेयर में हो रहा है। बांसवाड़ा जिले में प्रमाणित बीज उत्पादन के लिहाज से सोयाबीन का दायरा मक्का से काफी बड़ा है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी सरकार द्वारा सोयाबीन उत्पादन पर ज्यादा फोकस किया गया है।


