Haryana Development : हरियाणा सरकार द्वारा शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में विकास पर फोकस किया जा रहा है। जहां पर गांव के विकास को शहरों की तर्ज पर विकसित करने का प्लान तैयार किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों का भी शहरों के लोगों की तरह की सुविधाएं मिल सके। इसके लिए शहरों के साथ लगते हुए गांवों को नगर परिषद, नगर निगम में शामिल किया जा रहा है। इसी कड़ी में रोहतक नगर निगम में शामिल हुए आठ गांवों में विकास शहर की तर्ज पर होगा। इन आठ गांवों की बेहतर पेयजल सुविधा पहुंचाने की तैयारी है। इसके लिए आठ गांवों में करीब 210 करोड़ रुपये से नए जलघर बनाए जाएंगे, पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाएगी। दूसरी ओर शहर में करीब 22 करोड़ रुपये पेयजल आपूर्ति के ढांचे को दुरुस्त करने का काम चल रहा है। इसमें जेएलएन नहर से सोनीपत स्टैंड स्थित जलघर तक पाइपलाइन बिछाने और पुराने शहर की क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को बदलने के कार्य शामिल हैं।
रोहतक लघु सचिवालय के सभागार में डीसी सतबीर सिंह ने जन सुविधाओं और जनस्वास्थ्य विभाग की विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में पेयजल, सीवरेज, जल निकासी, सड़कों की मरम्मत और सफाई व्यवस्था से जुड़े कार्यों पर चर्चा हुई। डीसी ने लोक निर्माण विभाग, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग अलग अलग काम करने के बजाय आपसी तालमेल से एकीकृत टीम के रूप में काम करें। बैठक में एसडीएम आशीष कुमार, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह, कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार, अरुण, मंजीत दहिया, जगमाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम के अंतर्गत आठ गांवों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब 210 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की गई है। इसमें सुनारियां कलां, सुनारियां खुर्द, खेड़ी साध, गढ़ी माजरा, बोहर भोपन, बोहर मेलवान, कन्हेली और पहरावर शामिल हैं। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना की प्रशासनिक स्वीकृति और अन्य औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएं।
पुराने शहर की सात करोड़ की पेयजल लाइनें बदलेंगी
पुराने शहर में करीब सात करोड़ रुपये की लागत से क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइनों को बदलने का काम जारी है। पुरानी और खराब पाइपलाइनों के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में इन लाइनों को बदलने से आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा तिलियार झील पर जलघर स्थापित करने की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
सोनीपत स्टैंड जलघर तक पहुंचेगा नहर का पानी
शहर की जलापूर्ति व्यवस्था के लिए जेएलएन नहर से सोनीपत स्टैंड स्थित जलघर तक करीब 15 करोड़ रुपये से पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इस परियोजना में पाइपलाइन बिछाने के अलावा जलघर की भंडारण क्षमता और जलप्रबंधन को भी बेहतर बनाया जाएगा। इसके तहत एक अतिरिक्त टैंक का निर्माण किया जाएगा। पहले से मौजूद दो टैंकों की मरम्मत के साथ एक क्लियर वाटर टैंक भी बनाया जाएगा। इससे जलघर में पानी के भंडारण और आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।


