Haryana Roadways : त्योहारी सीजन पर जहां रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ है, वहीं हरियाणा के बस स्टैंडों पर भी अतिरिक्त भीड़ लगी हुई है। सबसे ज्यादा यूपी, बिहार व हरिद्वार, दिल्ली जाने वाली बूथों पर यात्रियों की भीड़ रहती है। ऐसे में हरियाणा रोडवेज ने इस भीड़ के समाधान के लिए इन रुटों पर अतिरिक्त बस सेवा चलाने का फैसला लिया है, ताकि यात्रियों का सफर आसान हो सके और लोगों को राहत मिल सके।
छठ पर्व के चलते घर लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। सोनीपत जिले में खरीफ फसलों की कटाई में जुटे प्रवासी श्रमिकों के साथ-साथ पढ़ाई और नौकरी के लिए यहां रह रहे लोग त्योहार मनाने उत्तर प्रदेश और बिहार जा रहे हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए रोडवेज ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश के प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसें चलानी शुरू कर दी हैं।
बस अड्डा में मंगलवार को बस डिपो के काउंटरों पर रोडवेज अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने भीड़ का आकलन कर बसें रवाना की। दिल्ली रूट पर 20 से ज्यादा बसें तैनात की गई हैं, जिनमें ई-बसें भी शामिल हैं। बागपत, बड़ौत और हरिद्वार रूट पर भी अतिरिक्त फेरे लगाए जा रहे हैं। सोनीपत डिपो में एसी और ई-बसों समेत 150 से अधिक बसें हैं। लंबे रूटों के साथ लोकल रूटों पर भी यात्रियों की संख्या बढ़ी है। दैनिक यात्रियों ने इन रूटों पर फेरे बढ़ाने की मांग की है।
सोनीपत बस डिपो के एसएस सुरेंद्र दुग्गल ने बताया कि त्योहारी सीजन में यात्रियों को आवागमन में असुविधा न हो, इसके लिए रोडवेज सतर्क है। मंगलवार को काउंटरों पर खड़े होकर बसों के संचालन की निगरानी की गई। जहां भी भीड़ बढ़ी, वहां अतिरिक्त बसें लगा दी गईं। यात्रियों की भीड़ को देखकर ही बसों की संख्या बढ़ाने पर फैसला लिया जा रहा है।


