Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

हरियाणा में 14 हजार पदों की परीक्षा और 3000 नई भर्ती जल्द, HSSC जारी करेगा भर्ती कैलेंडर

हरियाणा में 14 हजार पदों की परीक्षा और 3000 नई भर्ती जल्द, HSSC जारी करेगा भर्ती कैलेंडर

HSSC Recruitment : हरियाणा के युवाओं के लिए खुशखबरी है कि प्रदेश में जल्द ही भर्तियों का पिटारा खुलने वाला है। हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) की तर्ज पर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) भी भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी करेगा। तृतीय श्रेणी के 14 हजार पदों पर भर्ती के लिए सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) के दूसरे चरण की तिथियों के साथ ही सीईटी ग्रुप डी और नए पदों के लिए जारी होने वाले विज्ञापनों की जानकारी इस कैलेंडर में होगी।

एचएसएससी चेयरमैन हिम्मत सिंह ने इंटरनेट मीडिया एक्स पर खुद यह जानकारी साझा की है। परीक्षाओं का कैलेंडर तैयार करने का कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने सलाह दी है कि सभी अभ्यर्थी पूरी मेहनत और लगन के साथ अपनी तैयारी जारी रखें। किसी भी जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट को चेक करते रहें।

हिम्मत सिंह ने बताया कि करीब 14 हजार पदों पर भर्ती के लिए सीईटी स्टेज-2 परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसके साथ ही युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाने के लिए करीब 3000 पदों पर नई भर्तियों का विज्ञापन भी जल्द जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोग भर्ती एवं परीक्षा प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से आगे बढ़ा रहा है। सीईटी स्टेज-2 परीक्षा के आयोजन की तैयारियों के तहत परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कार्य पूरा हो चुका है।

आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि निरीक्षण का उद्देश्य परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का आकलन करना और परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा करना है, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। शीघ्र ही पंचकूला जिले के साथ-साथ अन्य जिलों में भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा।

निरीक्षण के बाद संबंधित कमेटी द्वारा रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कदम उठाते हुए परीक्षा आयोजन की आगामी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि परीक्षा से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें। हिम्मत सिंह ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे आगामी परीक्षा के लिए पूरी गंभीरता और लगन के साथ तैयारी करें।

आगे पढ़ें

ताज़ा खबरें, एक के बाद एक

स्क्रॉल करते रहें, अगली खबर अपने आप खुलेगी।

7 साल बाद भारत के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने का मौका, टॉस जीतकर पहले करेगा गेंदबाजी