Semicon 2.0 India : केंद्र सरकार द्वारा अलग-अलग राज्यों में चिप व इलेक्ट्रानिक्स निर्माण के लिए हब विकसित करने की योजना बनाई है। सरकार द्वारा देश के सात राज्यों में इस क्षेत्र में इंडस्ट्री लगाने की योजना बनाई है, ताकि इन क्षेत्र में उद्योग लगे और युवाओं को रोजगार के नए अवसर पैदा हो सके। देश को इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर विनिर्माण का केंद्र बनाने के लिए सरकार ने चिप के पूर्जे और कच्चा माल देश में तैयार करने पर जोर बढ़ाया है।
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सेमीकॉन 2.0 पोर्टल लॉन्च किया। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स मैन्युफैक्चरिंग स्कीम (ईसीएमएस) के तहत 12 नई परियोजनाओं को मंजूरी दी। इन पर 7,503 करोड़ रुपए के निवेश, 39,045 करोड़ रुपए के उत्पादन और 7,127 प्रत्यक्ष रोजगार का अनुमान है।
नई परियोजनाओं में मल्टी-लेबर प्रिंटेड सर्किट बोर्ड, रिले, हीट सिंक, विशेष सिरेमिक, कॉपर फॉयल और बैटरी सेल के लिए कैथोड एक्टिव सामग्री बनाई जाएगी। ये इकाइयां गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में लगेंगी। कॉपर फॉयल, कैथोड सामग्री और विशेष सिरेमिक के उत्पादन को पहली बार मंजूरी मिली है। वैष्णव ने कहा कि ईसीएमएस के विचाराधीन आवेदनों में भी सख्ती बरती जाएगी। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, योजना में अब तक 275 आवेदन मिले हैं।
सेमीकॉन 2.0 में गंभीर आवेदकों को ही जगह
सरकार ने इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के दूसरे चरण यानी सेमीकॉन 2.0 के लिए 1.27 लाख करोड़ रुपए का वित्तीय प्रावधान किया है। इसके तहत मशीनों और सामग्री की इकाइयों, नई चिप निर्माण इकाइयों तथा सेमीकंडक्टर असेंबली, टेस्टिंग, मार्किंग और पैकेजिंग से जुड़ी परियोजनाओं के लिए आवेदन शुरू किए गए है। इस बार सरकार ने स्पष्ट किया है कि केवल सभी जरूरी दस्तावेजों और औपचारिकताओं के साथ पूरे आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। वैष्णव ने कहा कि योजना में केवल गंभीर आवेदकों को ही जगह मिलेगी।
118 परियोजनाओं को अब तक मंजूरी
ईसीएमएस के तहत मंजूर परियोजनाओं की संख्या बढ़कर 118 हो गई है। ये इकाइयां देश के 16 राज्यों में स्थापित की जाएंगी। इनके माध्यम से 77,051 करोड़ रुपए के निवेश, 5.73 लाख करोड़ रुपए के उत्पादन और 81,755 प्रत्यक्ष रोजगार का अनुमान है। इन परियोजनाओं से देश में इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर उद्योग के विकास की मजबूत आधारशिला तैयार होगी।


