Haryana News: मौसम में ठंड बढ़ने के साथ ही प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने लगा है। इससे हरियाणा के कई शहरों में लोग जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं। हरियाणा में कुछ शहरों में तो वायु प्रदूषण यानी एक्यूआई दिल्ली से भी खतरनाक स्थिति में पहुंच गई है।
दरअसल केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा वीरवार देर शाम के जो आंकड़े जारी किए गए हैं, उसमें हरियाणा प्रदेश के छह शहरों की हवा देश के सबसे अधिक प्रदूषित रहे हैं। गौरतलब है कि राजधानी और एनसीआर के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्थित तक पहुंच गई है।
इसके तहत हरियाणा के शहरों की बात की जाए तो गुरुग्राम जिले में पंचगांव की वायु गुणवत्ता सूचकांक 406 तक पाया गया है। वहीं प्रदूषण के मामले में सबसे ऊपर देश के 12 शहरों की बात करें तो, गुरुगग्राम का पंचगांव दूसरे स्थान पर है।
इसके अलावा मानेसर में एक्यूआई 343, बहादुरगढ़ में 342, गुरुग्राम में 331, हिसार में 327 और बल्लभगढ़ में 316 एक्यूआई रिकार्ड हुआ है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जो आंकड़े जारी किए गए हैं, उसके अनुसार हिसार शहर की हवा सबसे अधिक तेजी से प्रदूषित हो रही है। क्योंकि एक सप्ताह में हिसार में एक्यूआई का स्तर 49 अंक तक बढ़ गया है। जबकि गुरुग्राम व मानेसर में भी प्रदूषण काफी तेजी से बढ़ रहा है। क्योंकि चार दिन में यहां एक्यूआई का स्तर दोगुना तक बढ़ गया है।
जींद में घटा वायु प्रदूषण
वहीं दुनिया के प्रदूषित शहरों में शुमार रहा हरियाणा का जींद इस बार आंकड़ों में प्रदूषण घटा रहा है। क्योंकि जहां एक ओर मानेसर में एक्यूआई एक सप्ताह में 166 से बढ़कर 325 तक पहुंच गया तो, गुरुग्राम एक्यूआई 183 से बढ़ कर 322 तक चला गया है। इसके विपरीत जींद में एक्यूआई 354 से घटकर 268 पर आ गया है। जबकि कैथल में एक्यूआई 326 से घटकर 248 तक पहुंचा है। बहादुरगढ़ में भी एक्यूआई घटा है। यहा पिछले सप्ताह एक्यूआई 365 पहुंच गया था, जो अब 342 हो गया है।


