किशोरी। किशोरी ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच धनपाल मीणा ने कार्यभार संभालने के बाद अपने पहले संबोधन में गांव के सर्वांगीण विकास का खाका खींचा। पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य लक्ष्य गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाना है। इस दिशा में उन्होंने गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने का वादा किया। सरपंच ने जानकारी दी कि कस्बे में सफाई अभियान का कार्य पहले ही शुरू किया जा चुका है।
सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर देते हुए धनपाल मीणा ने बस स्टैंड और गांव के प्रमुख रास्तों पर स्ट्रीट लाइट लगवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे रात के समय महिलाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी और गांव में सुरक्षा का माहौल भी मजबूत होगा। बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ उन्होंने पेयजल की समस्या के समाधान को अपनी प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर रखा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हर घर तक नियमित और स्वच्छ पानी पहुंचाने के लिए गर्मी के मौसम से पहले ही पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए भी सरपंच ने प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि पात्र ग्रामीणों को पीएम आवास योजना, पेंशन और मनरेगा जैसी सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलवाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग की अपील की ताकि गांव की तस्वीर बदली जा सके।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच गीता देवी बंजारा, ग्राम विकास अधिकारी ताराचंद मीना और उपसरपंच उगन्ती देवी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच और वार्ड पंचों का माला और साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान रोहिताश रैगर, ललित कुमार, रामकुंवार वर्मा, रूबिया उपाध्याय, रोहिताश बंजारा, लक्ष्मी नारायण मीना और सियाराम शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


