दिवाली पर हरियाणा की नायब सैनी सरकार प्रदेश के गरीब, महिलाओं, किसानों और बुजुर्गों को तोहफा देने वाली है। दिवाली का पर्व धूमधाम से मना इसके लिए हरियाणा सरकार इनके बैंक खातों में राशि डालने वाली है। करीब 52 लाख गरीबों, महिलाओं, किसानों और बुजुर्गों की दीवाली अच्छी बनने वाली है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को अंत्योदय से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन और सहायता राशि जारी करेंगे। सरकार की ओर से हर महीने की दस तारीख को यह पैसा जारी किया जाता है, लेकिन इस महीने त्योहारों के चलते चार दिन पहले ही यह राशि लाभार्थियों के खातों में डालने का निर्णय लिया गया है।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में करीब 1650 करोड़ रुपये डाले जाएंगे। वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग भत्ता सहित विभिन्न 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 35 लाख 13 हजार लाभार्थियों के खातों में करीब 1131 करोड़ रुपये आएंगे। लाडो लक्ष्मी योजना की 13वीं किस्त में 12 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में धनराशि डाली जाएगी।
योजना की 12 किस्तों में 2466 करोड़ 63 लाख रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। योजना का विस्तार किया गया है, जिसके तहत पहली नवंबर से अब 1.80 लाख रुपये तक सालाना आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी लाडो लक्ष्मी का लाभ मिलेगा। दूसरे चरण में करीब तीन लाख महिलाओं ने अपना पंजीकरण करवाया है।
आय की पात्रता सीमा 80 हजार रुपये बढ़ाने से योजना में उन परिवारों की महिलाएं भी शामिल हो सकेंगी, जिनकी सालाना आमदनी एक लाख से अधिक लेकिन 1.80 लाख रुपये तक है। योजना के पहले चरण में 10 लाख से अधिक महिलाएं लाभ ले रही हैं। हालांकि यह राशि आज ही आनी शुरू हो जाएगी, लेकिन दिवाली से पहले सभी पात्रों के खातें में राशि आ जाए इसके लिए सरकार द्वारा आदेश दिए गए है।


