गुरुग्राम में बढ़ रहे ट्रैफिक के चलते लग रहे जाम से राहत दिलाने के लिए हरियाणा सरकार ने मेगा प्लान बनाया है। जहां पर केंद्र सरकार द्वारा नए एलिवेटेड रोड की मंजूरी दी है और गुरुग्राम से सोहना जाने वाले वाहनों की सीधी कनेक्टिविटी दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस वे से हो जाएगी।
अब हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम शहर की कनेक्टिविटी को सुपरफास्ट बनाने के लिए तीन बड़े प्रोजेक्ट की मंजूरी दी है। हरियाणा सरकार की हुई हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक में प्रदेश के सात प्रोजेक्ट के लिए 227.74 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इसमें गुरुग्राम को दो फ्लाईओवर व एक अंडरपास को मंजूर किया गया है, ताकि वाहन बिना किसी बाधा के चल सकेंगे।
हरियाणा सरकार द्वारा दो फ्लाईओवर व एक अंडरपास की मंजूरी देने के बाद अब लोक निर्माण विभाग द्वारा इसकी डीपीआर तैयार की जाएगी और इसके बाद इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद शहर के अलावा सेक्टरों की मुख्य सड़कों पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।
सरकार ने इन दो फ्लाईओवर व अंडरपास को दी मंजूरी
मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई पावर परचेम कमेटी की बैठक में गुरुग्राम के सेक्टर-45-46 और 51-52 के चौराहे पर भी फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसी तरह सरकार ने गुरुग्राम के
सेक्टर-85-86 और 89-90 के चौराहे पर फ्लाईओवर बनाने की मंजूरी दी गई है। जबकि सेक्टर-27-29 और 43-44 के चौराहे पर अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। इन तीनों ही जगह पर ट्रैफिक का लोड ज्यादा है। ऐसे में सेक्टर के लोगों को फ्लाईओवर व अंडरपास बनने से ट्रैफिक में फंसने से राहत मिलेगी। इसके अलावा वाहन भी बिना किसी बाधा के इन फ्लाईओवर व अंडरपास से रफ्तार से निकल सकेंगे और इन फ्लाईओवर के नीचे से सेक्टरों की कनेक्टिविटी अच्छी रहेगी।


