हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की तरफ से सोनीपत की राजीव गांधी एजुकेशन सिटी को आधुनिक व प्रदूषण रहित बनाने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया है। इसके लिए 15 करोड़ रुपये का बजट बनाया गया है। इसके तहत सड़कों का नवीनीकरण करने के साथ साइकिल ट्रैक और फुटपाथ बनाए जाएंगे।
योजना से यहां संचालित विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों, प्रोफेसरों, पुलिस कमिश्नरी और कर्मचारियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। जिले में यह दूसरा प्रोजेक्ट होगा, जहां सड़क के साथ साइकिल ट्रैक विकसित किया जाएगा। इससे पहले सेक्टर-7 रोड पर इस तरह का काम शुरू हो चुका है।
योजना के तहत 4.5 किलोमीटर लंबा और 2.5 मीटर चौड़ा साइकिल ट्रैक बनाया जाएगा। जीटी रोड स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय और पुलिस स्टेशन वाली मुख्य एंट्री को चार लेन का किया जाएगा। अशोका यूनिवर्सिटी के सामने 60 मीटर रोड के दोनों तरफ अतिरिक्त कैरिजवे, फुटपाथ और साइकिल ट्रैक विकसित होंगे। प्रोजेक्ट का रूट पुलिस कार्यालय की मुख्य एंट्री से शुरू होकर अशोका यूनिवर्सिटी के पीछे से वापस पुलिस स्टेशन के पास पहुंचेगा। इसके अलावा जैन मंदिर से अंबेडकर यूनिवर्सिटी के आगे जाने वाले मार्ग और आईआईटी के सामने का हिस्सा भी इसमें शामिल होगा।
कई विश्वविद्यालय पहले से संचालित
राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में अशोका यूनिवर्सिटी, एसआरएम यूनिवर्सिटी, आईआईटी दिल्ली, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी और वर्ल्ड यूनिवर्सिटी ऑफ डिजाइन संचालित हैं। भारती विद्यापीठ एजुकेशनल भी यहां काम शुरू करने की तैयारी में है।
सेक्टर-7 रोड पर 16.98 करोड़ से काम
सेक्टर-7 से जीटी रोड तक जाने वाली सड़क के लिए एसएमडीए ने 16.98 करोड़ रुपए का बजट मंजूर कर टेंडर आवंटित किया है। इसके तहत सड़क के दोनों तरफ 7-7 मीटर चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। साथ ही डिवाइडर, जलनिकासी के लिए नालियां, स्ट्रीट लाइट और साइकिल ट्रैक बनाए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो चुका है।
सोनीपत एचएसवीपी जेई विक्रम सिंह ने बताया कि एजुकेशन सिटी को स्मार्ट रूप देने के प्रयास एचएसवीपी एजुकेशन सिटी में साढ़े चार किलोमीटर लंबा साइकिल ट्रैक बनाएगा, साथ ही सड़कों का नवीनीकरण अर्थात लेन बढ़ाई जाएगी, जिसके लिए एस्टीमेट बना दिया गया है। यह पहल एजुकेशन सिटी को स्मार्ट और हेल्दी बनाने की दिशा में एक बड़। कदम होगा। करीब 15 करोड़ रुपए के इस निवेश से न केवल क्षेत्र का कायाकल्प होगा, बल्कि यह स्थानीय निवासियों के लिए जीवन स्तर में सुधार का एक माध्यम भी बनेगा। इसके लिए अब टेंडर लगाया जाएगा।