Gurugram News : गुरुग्राम की सड़क चकाचक होने वाली है। इसके लिए तीन सड़कों का टेंडर भी जारी कर दिया है और अब जल्द ही इसका निर्माण शुरू हो जाएगा। ऐसे में गुरुग्राम के सेक्टर के लोगों को लाभ मिलेगा, वहीं वाहन भी बिना बाधा के चल सकेंगे। गुरुग्राम शहर की प्रमुख सड़कों की स्थिति सुधारने और आवागमन को सुगम बनाने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने तीन सड़क परियोजनाओं के लिए टेंडर जारी कर निविदाएं आमंत्रित की हैं। इनके तहत सेक्टर 52ए, सेक्टर 53/43 और सेक्टर 3/5 की डिवाइडिंग मास्टर रोड के साथ सर्विस रोड की विशेष मरम्मत कराई जाएगी। राजीव चौक से सदर बाजार तक फुटपाथ निर्माण व जल निकासी को बेहतर बनाया जाएगा।
जीएमडीए के अनुसार, सेक्टर 52ए और सेक्टर 53/43 की डिवाइडिंग मास्टर रोड तथा उससे जुड़ी सर्विस रोड की विशेष मरम्मत की जाएगी। इसी तरह सेक्टर 3/5 की डिवाइडिंग मास्टर रोड और साथ लगती सर्विस रोड को भी सुधारा जाएगा। इन कार्यों के लिए अलग अलग टेंडर जारी किए गए हैं। जीएमडीए की ओर से मरम्मत के साथ आवश्यक अन्य कार्य भी कराए जाएंगे, ताकि सड़क ढांचे को बेहतर बनाया जा सके।
राजीव चौक से सदर बाजार तक पैदल चलना होगा सुगम शहर में पैदल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए राजीव चौक से सदर बाजार तक फुटपाथ निर्माण की योजना बनाई गई है। इस कार्य के लिए भी टेंडर जारी कर निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। इसके साथ ही सड़क के आसपास जल निकासी व्यवस्था में सुधार और अन्य संबंधित कार्य कराए जाएंगे।


