Haryana Health News : हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहरों व ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। विभाग की तरफ से प्रदेश के पांच शहरों में गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए क्रिटिकल केयर ब्लाक बनाने का फैसला लिया गया है। प्रत्येक शहर में क्रिटिकल केयर ब्लाक में बैडों की संख्या 50 होगी। इसमें गंभीर मरीजों की लाइफ को बचाने के लिए हर सुविधा उपलब्ध होगी।
यह क्रिटिकल केयर ब्लाक चरखी दादरी, हिसार, झज्जर, गुरुग्राम और पलवल में बनाए जाएंगे। लगभग शहरों में बनने वाले क्रिटिकल केयर ब्लाक का निर्माण नागरिक अस्पताल के परिसर में किया जाएगा, ताकि गंभीर मरीजों को तुरंत ही इलाज मिल सके। चरखी दादरी में सिविल अस्पताल परिसर में 22 करोड़ 78 लाख 11 हजार 185 रुपये की लागत से अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जाएगा।
पीडब्ल्यूडी एक्सईएन गुरचरण ने कहा हमें राशि मिल गई है और अब इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत बनने वाला यह ब्लॉक जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इसके शुरू होने से गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों में रेफर करने की जरूरत कम होने और समय पर उपचार मिलने की संभावना बढ़ेगी।
दो मंजिला होगा भवन
प्रदेश में चरखी दादरी के अलावा हिसार, झज्जर, गुरुग्राम और पलवल में भी क्रिटिकल केयर ब्लॉक में भवन ग्राउंड फ्लोर सहित दो मंजिला होगा। इसमें कुल 50 बेड की व्यवस्था रहेगी। इनमें 26 बेड सामान्य वार्ड के होंगे, जबकि शेष बेड हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) और इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में होंगे। इसके अलावा टीकाकरण यूनिट, माइनर और मेजर ऑपरेशन थिएटर तथा आधुनिक लैब भी स्थापित की जाएगी।
आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता जरूरी
क्रिटिकल केयर ब्लॉक का पूरा लाभ तभी मिलेगा, जब यहां विशेषज्ञ डॉक्टर, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और तकनीकी कर्मचारी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध होंगे। वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सप्लाई, मॉनिटरिंग सिस्टम और जरूरी दवाइयों की उपलब्धता के साथ चौबीस घंटे सेवाएं भी जरूरी होंगी। भवन के निर्माण के साथ इन व्यवस्थाओं पर ध्यान देना महत्वपूर्ण रहेगा।


