Jaipur Railway News : राजस्थान की राजधानी जयपुर के रेलवे जंक्शन पर लगातार यात्रियों का भार बढ़ रहा है। देश के हर कौन से आने वाली ट्रेन जंक्शन से होकर निकल रही है, लेकिन अब जयपुर रेलवे जंक्शन का विकल्प तैयार किया जा रहा है। रेलवे विभाग द्वारा खातीपुरा रेलवे स्टेशन को जयपुर रेलवे स्टेशन का विकल्प के तौर पर तैयार किया जा रहा है, ताकि रेलवे जंक्शन से ट्रेनों के भार को कम किया जा सके।
खातीपुरा रेलवे स्टेशन से अब ट्रेनों की संख्या को लगातार बढ़ाया जा रहा है, ताकि दूसरे राज्यों से भी इस रेलवे स्टेशन की कनेक्टिविटी को बढ़ाया जा सके। रेलवे ने डेढ़ साल के भीतर ट्रेनों की संख्या लगभग दोगुनी होकर 28 तक कर दी है। रेलवे विभाग ने जून माह में यहां से दरभंगा के लिए अमृत भारत ट्रेन शुरू की गई थी। अब रेलवे विभाग ने सोमवार से खातीपुरा-संतरागाछी ट्रेन शुरूआत करने वाला है।
इसमें रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। महज चार महीने के भीतर मिलने वाली यह दूसरी नई ट्रेन खातीपुरा की भूमिका को जयपुर के एक प्रमुख वैकल्पिक रेल टर्मिनल के रूप में और अधिक सुदृढ़ करेगी।
खातीपुरा-संतरागाछी ट्रेन का साप्ताहिक होगा संचालन
खातीपुरा-संतरागाछी ट्रेन को नियमित साप्ताहिक संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन टाटानगर, रांची, टोरी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और कानपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर निकलेगी। वर्तमान में हावड़ा सुपरफास्ट और सियालदह एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग लिस्ट के चलते यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
संतरागाछी के लिए नई साप्ताहिक ट्रेन शुरू होने से पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड की यात्रा करने वाले यात्रियों को एक बेहद सुविधाजनक अतिरिक्त विकल्प मिल जाएगा, जिससे त्योहारों और पीक सीजन के दौरान सफर आसान होगा। इसके अलावा, त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने 29 खातीपुरा-कामाख्या अक्टूबर से 26 नवंबर तक वीकली स्पेशल ट्रेन (कुल 05 ट्रिप) चलाने का भी निर्णय लिया है। इससे पूर्वोत्तर राज्यों असम और बंगाल तक आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
खातीपुरा रेलवे स्टेशन से इन ट्रेनों का हो रहा संचालन
रेलवे विभाग द्वारा खातीपुरा रेलवे स्टेशन से दूसरे राज्यों को जाने वाली ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। फिलहाल इस स्टेशन से हिसार, सीकर, बठिंडा, यशवंतपुर, अजमेर, असारवा, दरभंगा, रेवाड़ी, भोपाल, गंगापुर सिटी, हावड़ा, लालगढ़, मथुरा जंक्शन, प्रयागराज, फुलेरा और कामाख्या समेत कई प्रमुख गंतव्यों के लिए ट्रेनें संचालित हो रही हैं।