Haryana News : हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कुरुक्षेत्र में नए लघु सचिवालय के सभागार आयोजित परिवेदना समिति की बैठक में 12 शिकायतों को सुना। इस दौरान सरपंच पर सरकार द्वारा दी गई ग्रांट के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगे। इस पर मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव चढूनी जाटान के तत्कालीन सरपंच के खिलाफ आई शिकायत पर विभागीय विजीलेंस से जांच के आदेश दिए है। ग्रामीण जयपाल ने सरपंच पर गांव के विकास के लिए आई हुई ग्रांट का दुरुपयोग करने के आरोप लगाए थे। जहां पर मंत्री ने दोनों पक्षों की सुनवाई करते हुए इस मामले की विजिलेंस जांच के आदेश दिए है।
छात्रा की मौत के मामले की जांच के आदेश
बैठक में गांव धंतौड़ी निवासी संजीव कुमार की शिकायत पर एसडीएम शाहाबाद की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया। कमेटी में जिला शिक्षा अधिकारी व समिति के 4 सदस्य शामिल किए गए। जो पुलिस, स्कूल और शिकायत की सुनवाई के बाद रिपोर्ट पेश करेगी।
शिकायतकर्ता संजीव कुमार ने शिकायत में बताया कि ज्ञान ज्योति विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल मोरथला में उसकी बेटी 10वीं कक्षा में पढ़ती है। स्कूल की तरफ से जनवरी में टूर गया था। जहां पर उसकी बेटी की मौत हो गई। उसको मौत की सूचना नहीं दी और न ही कारण बताया गया। अब तक इस मामले की जांच नहीं की गई है। इस पर मंत्री ने इसके लिए कमेटी का गठन कर दिया।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव कारसा डोड निवासी महिला की शिकायत पर पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर पति व सास को गिरफ्तार कर लिया है। गांव सूढ़पुर निवासी ज्ञानचंद सैनी, गांव खेड़ी मारकंडा निवासी महिला की शिकायत की सुनवाई करते हुए समाधान किया।
उन्होंने पानीपत के मतलोडा निवासी प्रो. राम निवास जंगम की शिकायत पर एसडीएम पिहोवा को निर्देश दिए कि वो जंगम धर्मशाला में लगे पत्थर को दोबारा लगवाएं। धर्मशाला परिसर पहले शिला पत्थर पर जो मैटर था उसमें मठ की जगह धर्मशाला करते हुए बाकी को ज्यों की त्यों रखा जाए। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने एचएसवीपी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेक्टर-3 निवासी द्वारा ग्रीन बेल्ट में लगाए गए अवैध दरवाजे को हटाया जाए।
शिकायतकर्ता बात न माने तो विभागीय कार्रवाई करे
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने रेलवे रोड कुरुक्षेत्र निवासी फूला रानी की शिकायत पर मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतकर्ता को विभाग के नियम अनुसार कार्य करवाएं। यदि विभाग के नियमों के अनुसार शिकायतकर्ता कार्य न करे तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाए।
अन्य मामले में पिहोवा निवासी कुलदीप की शिकायत पर एसडीएम पिहोवा की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया। इस कमेटी में राजस्व विभाग, नगर पालिका, पीडब्ल्यूडी विभाग, दो स्थानीय एमसी को शामिल किया गया। कमेटी द्वारा दोबारा से निशानदेही करवाएं और शिकायतकर्ता की सुनवाई करें।