CBSE Board: सीबीएसई बोर्ड से परीक्षा कर रहे बच्चों के लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। बोर्ड द्वारा आखिरी रिमाइंडर भेजे जाने के बाद अब 21 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक विलंब सुलग के साथ एलओसी जमा करने की सूचना जारी की गई है।
यह सूचना सीबीएसई की 10वीं और 12वीं बोर्ड की होने वाली परीक्षा-2027 के लिए जारी की गई है। गौरतलब है कि बोर्ड की परीक्षा 2027 एलओसी जमा करने की आज अंतिम तिथि है। इसके बाद 30 अक्टूबर तक 10वीं और 12वीं की एलओसी लेट फीस के साथ जमा हो सकेगी।
19 अक्टूबर को जारी हुआ 5वां और आखिरी रिमाइंडर
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 19 अक्टूबर को पांचवां और आखिरी रिमाइंडर जारी कर स्कूलों को समय पर प्रक्रिया पूरी करने के आदेश जारी किए हैं। स्कूलों द्वारा आज भी अगर बच्चों की एलओसी जमा नहीं की जाती है तो बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले नियमित विद्यार्थियों का रिकॉर्ड तैयार करने के लिए कल 21 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक एलओसी लेट फीस के साथ जमा करनी होगी।
बता दें कि एलओसी में विद्यार्थियों की व्यक्तिगत जानकारी और चुने गए विषयों का विवरण शामिल होता है। स्कूलों को एलओसी जमा करने से पहले सभी प्रविष्टियों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगे परीक्षा प्रक्रिया में किसी तरह की त्रुटि या परेशानी न हो।
विलंब शुल्क से बचने के लिए आज जमा करनी होगी LOC
केंद्रीय माध्यमिक बोर्ड द्वारा सूचना के अनुसार बिना विलंब शुल्क एलओसी जमा करने की निर्धारित समय-सीमा आज 20 अक्टूबर को समाप्त हो रही है। इसके बाद एलओसी जमा करने पर स्कूलों को अतिरिक्त शुल्क देना होगा। सीबीएसई बोर्ड ने 19 अक्टूबर को जारी रिमाइंडर के जरिए स्कूलों का ध्यान अंतिम तिथि की ओर दिलाया है। ऐसे में स्कूलों के पास आज बिना विलंब शुल्क के एलओसी जमा करने का मौका है।


