जोधपुर। ज्वाला विहार, श्री झूलेलाल मार्ग स्थित श्री प्रेम प्रकाश आश्रम में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर विशाल कन्या पूजन व कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसमें भक्ति, श्रद्धा और सेवा का अनोखा संगम देखने को मिला।
आश्रम के संत जीतू राम ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत मां जगदम्बा की भव्य महाआरती के साथ की गई। इसके बाद आश्रम प्रांगण में पूरी श्रद्धा और आदर भाव से 251 से अधिक नन्हीं-मुन्हीं कन्याओं के चरण धोकर वंदन किया गया। कन्याओं के मस्तक पर रोली का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर उनकी विशेष आरती व पूजन संपन्न हुआ।
देवी स्वरूप में नन्ही कन्या ने मोहा मन
आयोजन के दौरान एक बेहद मनमोहक और अलौकिक दृश्य देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद सभी भक्तों को आकर्षित कर दिया। आश्रम प्रांगण में एक नन्ही कन्या साक्षात देवी मां का स्वरूप धारण कर पहुंची, जिसे देख भक्त भाव-विभोर हो गए।
पूजन के उपरांत सभी कन्याओं को अत्यंत श्रद्धा पूर्वक हलवा, पूड़ी, जलेबी, दही और मिष्ठान का भोग लगाकर भोजन कराया गया। इसके बाद श्री प्रेम प्रकाश मंडली के सेवादारों द्वारा सभी कन्याओं को विशेष उपहार और दक्षिणा भेंट कर आशीर्वाद लिया गया।
मातृशक्ति और बेटियों के सम्मान का प्रतीक
सेवादार ललित खटवानी ने इस अवसर पर कहा कि कन्या पूजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज में मातृशक्ति के प्रति सर्वोच्च सम्मान और बेटियों के संवर्धन व उत्थान की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। आश्रम में प्रति वर्ष दोनों नवरात्रि पर विधि-विधान से कन्या भोज कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। नवरात्रि के 9 दिनों में देवी दुर्गा के नौ पावन स्वरूपों की साधना अत्यंत शुभकारी व फलदाई मानी जाती है, जिसमें अष्टमी व नवमी के दिन देवी स्वरूप कन्याओं के पूजन का विशेष महत्व है।
(रिपोर्ट: दिनेश कुमार, जोधपुर)
जोधपुर
जोधपुर: प्रेम प्रकाश आश्रम में विशाल कन्या पूजन, 251 से अधिक कन्याओं का हुआ चरण वंदन
जोधपुर के ज्वाला विहार स्थित श्री प्रेम प्रकाश आश्रम में शारदीय नवरात्रि पर 251 से अधिक कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन, उपहार और दक्षिणा भेंट की गई।


