जोधपुर: प्रेम प्रकाश आश्रम में गूंजा सुंदरकांड का पाठ, 25 सितंबर को होगा छप्पन भोग
जोधपुर के ज्वाला विहार स्थित प्रेम प्रकाश आश्रम में संगीतमय सुंदरकांड पाठ और भजन संकीर्तन का भव्य आयोजन हुआ। आगामी 25 सितंबर को आश्रम में छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा।

जोधपुर। ज्वाला विहार, श्री झूलेलाल मार्ग स्थित श्री प्रेम प्रकाश आश्रम में रामचरितमानस सुंदरकांड के संगीतमय पाठ का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
सेवादार ललित खटवानी ने बताया कि आयोजन के उपलक्ष्य में आश्रम में विशेष फूलमंडली सजाई गई थी। भगवान श्रीराम और बालाजी महाराज का भव्य व आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसे देख उपस्थित श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।
संत जीतू राम ने जानकारी देते हुए बताया कि सुंदरकांड पाठ और भजन संकीर्तन का आयोजन भक्त पीयूष, रेनू खेमानी और समस्त प्रेम प्रकाशी मंडली द्वारा भक्तिभाव से किया गया। इस दौरान संत जी ने प्रवचन में कहा कि कलियुग में केवल भगवान का नाम लेने से ही मनुष्य भवसागर पार हो सकता है। प्रभु नाम के स्मरण मात्र से ही इंसान के समस्त पाप कट जाते हैं।
संगीतमय पाठ के समापन के पश्चात हनुमानजी (बालाजी महाराज) को विशेष सवामणी का भोग लगाया गया और सभी भक्तों में प्रसादी वितरित की गई। आश्रम प्रबंधन ने बताया कि आगामी 25 सितंबर, शुक्रवार को आश्रम परिसर में भव्य छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा।
प्रतिक्रियाएं
टिप्पणियां
अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।

