जोधपुर: सारथी यूथ फाउंडेशन ने राधारानी गौशाला में की गौ सेवा, दिया मानवता का संदेश
जोधपुर के चांदपोल स्थित राधारानी गौशाला में सारथी यूथ फाउंडेशन द्वारा 'रविवार सेवा दिवस' के तहत गौ सेवा की गई, जिसमें फाउंडेशन के सदस्यों ने गौ माता को चारा खिलाकर समाज में परोपकार का संदेश दिया।

जोधपुर। सेवा को संस्कार और समाज के प्रति जिम्मेदारी मानते हुए सारथी यूथ फाउंडेशन परिवार की ओर से रविवार को ‘रविवार सेवा दिवस’ के तहत चांदपोल स्थित राधारानी गौशाला में गौ सेवा की गई। फाउंडेशन के सदस्यों ने गौ माता को हरा चारा खिलाकर सेवा की और सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में संवेदना व परोपकार का संदेश दिया।फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष देवेन्द्र गहलोत ने कहा कि गौ सेवा हमारी संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। सेवा का उद्देश्य केवल एक दिन किसी जरूरतमंद की मदद करना नहीं, बल्कि समाज में सेवा की भावना को निरंतर मजबूत करना है। इसी उद्देश्य से सारथी यूथ फाउंडेशन द्वारा ‘रविवार सेवा दिवस’ के माध्यम से प्रत्येक रविवार अलग-अलग स्थानों पर सेवा कार्य किए जा रहे हैं। गहलोत ने बताया कि फाउंडेशन का प्रयास है कि सेवा के इन कार्यों से अधिक से अधिक लोग जुड़ें और समाज में सहयोग, संवेदना एवं मानवता की भावना को मजबूत किया जा सके।फाउंडेशन की जिलाध्यक्ष पूजा सुराणा ने बताया कि सारथी यूथ फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से निरंतर सेवा कार्यों में सक्रिय है। गौ सेवा के साथ पक्षी सेवा, वृद्धजन सेवा, संत सेवा, वानर सेवा, अनाथ एवं दिव्यांग बच्चों की सहायता, भोजन वितरण, जल सेवा, वस्त्रदान तथा सरकारी अस्पतालों में व्हीलचेयर एवं स्ट्रेचर उपलब्ध कराने सहित विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन द्वारा हर माह नियमित रूप से 5 से 7 सेवा कार्य किए जाते हैं।सुराणा ने आमजन से अपील की कि सेवा के इस अभियान को केवल फाउंडेशन तक सीमित न रखते हुए अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ें और अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग देकर समाजहित के इस सेवा अभियान को मजबूती प्रदान करें। इस अवसर पर फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष देवेन्द्र गहलोत, जिलाध्यक्ष पूजा सुराणा, विजयलक्ष्मी हर्ष, सुनीता सोलंकी, सुरेन्द्र सिंह तोमर, राधिका कानुंगा, महेन्द्र सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
प्रतिक्रियाएं
टिप्पणियां
अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।
