Jaipur Times
ई-पेपरYT
HI/EN
जयपुर टाइम्स
जालौर

जालोर में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा की दो टूक: नशे के कारोबार पर नकेल और थानों में जनता से मधुर व्यवहार

राजस्थान के डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने जालोर दौरे के दौरान पुलिस अधिकारियों को नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने और थानों में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

संवाददाता: जयपुर टाइम्स डेस्क
जालोर में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा की दो टूक: नशे के कारोबार पर नकेल और थानों में जनता से मधुर व्यवहार

जालोर। राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा मंगलवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर जालोर जिला मुख्यालय पहुंचे। पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में उन्होंने जिले की भौगोलिक स्थिति और अपराधों की वर्तमान समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।

डीजीपी ने बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी को सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए इसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त करना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके साथ ही अवैध शराब के खिलाफ सख्त रुख अपनाने, हार्डकोर अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने और साइबर अपराधों व महिला सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नए कानूनों के प्रावधानों को धरातल पर पूरी गंभीरता के साथ लागू किया जाए।

पुलिस थानों में आमजन के साथ व्यवहार को लेकर डीजीपी ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी ऑफिसर की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि थाने में आने वाले हर फरियादी के साथ मधुर और संवेदनशील व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी संज्ञेय अपराध की सूचना मिलने पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए और मामले के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के लिए उन्होंने सीएलजी सदस्यों के साथ बेहतर समन्वय बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सामाजिक सहभागिता से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। इसके अलावा, जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और पुलिस कार्यालयों व थानों में साफ-सफाई के उच्च मानक बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

डीजीपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए कार्यस्थल पर बेहतर माहौल होना जरूरी है, ताकि वे आमजन को बेहतर सेवाएं दे सकें। बैठक में एडीजी हवासिंह घूमरिया, आईजी जोधपुर रेंज सत्येंद्र सिंह, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप, एसपी सीआईडी इंटेलिजेंस नरपत सिंह और जालोर एसपी शैलेन्द्र सिंह इन्दौलिया सहित जिले के सभी वृत्ताधिकारी और थानाधिकारी मौजूद रहे।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।