सांसद महंत बालक नाथ योगी ने बजट 2023 पर व्यक्त की प्रतिक्रिया
अलवर। केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट पर अलवर सांसद महंत बालक नाथ योगी का स्वागत करते हुए कहा कि आजादी के अमृत काल में देश को एक कर्म योगी बजट मिला है जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को सिद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि टैक्स में बड़ी छूट जहां मध्यमवर्ग को राहत प्रदान करने वाली सिद्ध होगी, वहीं मोबाइल और टेबलेट के युवाओं को चिन्हित करने, अभ्युदय योजना के अंतर्गत युवाओं को निशुल्क कोचिंग, नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नौकरी के लिए देश के राज्य में स्किल इंडिया सेंटर की स्थापना, युवाओं के सहायता के लिए स्किल इंडिया सेंटर खोले जाने की घोषणा एक सार्थक पहल है,
किसान भाइयों के लिए किसान डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करना, 20 लाख करोड़ किसानों को क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऋण बांटने का लक्ष्य, कृषि स्टार्ट अप के लिए डिजिटल एक्सीलेटर फंड, की योजना देश के किसान और युवा भाइयों को आत्मनिर्भर बनाते हुए उन्हें सशक्त और मजबूत बनाएगी, वहीं देश के करोड़ों कारीगरों के लिए विश्वकर्मा योजना बेहद महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।
इनके अतिरिक्त मोटे अनाज को वैश्विक पहचान स्थापित करने के लक्ष्य से श्री अन्न योजना, एमएसपी का पैसा सीधा किसान खातों में ट्रांसफर करना, भू अभिलेखों का डिजिटलीकरण का लाभ भी देश के अन्न दाताओं को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि
"सबका साथ -सबका विकास- सबका विश्वास" के उद्देश्य से बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया। जिसका लक्ष्य, वर्तमान आजादी के अमृत काल से आने वाले शताब्दी समारोह के बीच विकास के लक्ष्य को निर्धारित करते हुए आत्मनिर्भर, सशक्त भारत का निर्माण करना है।


