मतदान का अधिकार समानता का सबसे बड़ा त्यौहार -जिला निर्वाचन अधिकारी
अलवर। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने प्रताप ऑडिटोरियम मे आयोजित 13वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस के कार्यक्रम की विधिवत शुरूआत नव मतदाताओं से दीप प्रज्ज्वलन कराकर की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नव मतदाता लवी सिंह व सेजल अग्रवाल को मतदाता पहचान पत्र देकर व बैज लगाकर सम्मानित किया। साथ ही नव मतदाताओं के साथ फोटो खिंचवाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने समारोह में मौजूद नव मतदाताओं, स्कूली विद्यार्थियों, आमजन अधिकारियों व कर्मचारियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मतदाता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि मतदान का अधिकार समानता का सबसे बड़ा त्योहार है। उन्होंने कहा कि संविधान हमें मतदान का अधिकार देता है इसलिए हमारा भी संविधान के प्रति कर्तव्य बनता है कि हम अपने मतदान करने की जिम्मेदारी को अवश्य निभाए, क्योंकि यह देश के 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी मतदाताओं को अपने मताधिकार का उपयोग करने का अवसर देता है। उन्होंने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में बूथ लेवल अधिकारियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है कि 1 लाख 3 हजार 565 नए वोटर्स मतदाता सूची से जोड़े गए हैं। ये सभी मतदाता आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से निर्वाचन विभाग द्वारा स्वीप गतिविधियां आयोजित कराई जा रही है। उन्होंने मतदाता सूची तैयार करने में बूथ लेवल अधिकारियों की ओर से की गई। कड़ी मेहनत की सराहना की। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित सभी लोगों को धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचन में अपने मतदाधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार का वीडियो संदेश दिखाया गया। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी गीत मैं भारत हूं का भी प्रदर्शन किया गया।


