HCS Success Story: आज हम आपके लिए हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले की बेटी शीतल यादव की सफलता की कहानी लेकर आए हैं। दादा का सपना अगर पोती साकार करे, तो इससे बड़ी खुशी की बात और क्या हो सकती है। हरियाणा के महेंद्रगढ़ में गांव की बेटी शीतल यादव ने अपनी मेहनत के बल पर एचसीएस परीक्षा में सफलता हासिल कर पूरे जिले में परचम लहरा दिया है।
शीतल ने एसडीएम बनकर दादा द्वारा देखा गया वर्षों पुराना सपना भी पूरा कर दिया है। गांव की बेटी के एसडीएम बनने पर महेंद्रगढ़ जिले में ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में लोग दिल खोलकर बधाई दे रहे हैं। शीतल यादव ने यह सफलता हासिल कर विशेष कर ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों के लिए प्रेरणा बनने का काम किया है।
सरकारी स्कूल में पढ़कर तय किया HCS अधिकारी बनने तक का सफर
हरियाणा प्रदेश के महेंद्रगढ़ जिले की कनीना तहसील के छोटे से गांव कोटिया की रहने वाली शीतल यादव ने सरकारी स्कूल में पढ़कर अपनी मेहनत के बल पर एचसीएस अधिकारी बनने का सफर तय किया है। शीतल की यह सफलता उन लोगों के लिए भी एक सबक है, जो हर समय सुविधाओं के अभाव की बात करते हैं। सरकारी स्कूल में पढ़कर हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की सिविल सेवा परीक्षा क्रैक कर शीतल ने साबित कर दिया कि सच्ची लगन से मेहनत करने पर सफलता अवश्य मिलती है। शीतल के एसडीएम बनने के बाद उनके स्वागत में पूरा कोटिया गांव उमड़ पड़ा।
यूपीएससी की परीक्षा में असफलता मिलने पर शीतल ने नहीं मानी हार
शीतल ने एचसीएस की परीक्षा में सफलता हासिल करने से पहले यूपीएससी की परीक्षा में भी किस्मत आजमाई थी। शीतल अपनी मेहनत के बल पर यूपीएससी की परीक्षा में इंटरव्यू तक पहुंच गई थी। लेकिन फाइनल लिस्ट में शीतल को सफलता नहीं मिली। यूपीएससी की परीक्षा में असफलता मिलने पर शीतल ने हार मानने की बजाय और कड़ी मेहनत तैयारी की। जिसके परिणाम स्वरूप आज एसडीएम बनकर अपने दादा का सपना पूरा करते हुए पूरे गांव का नाम रोशन कर दिया।


