Rajasthan JE Recruitment 2026 : राजस्थान में बिजली निगम में भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी आई है। राजस्थान बिजली निगम द्वारा राजस्थान राज्य के पांचों निगमों में कनिष्ठ अभियंता-प्रथम के कुल 869 पदों पर भर्ती के लिए आनलाइन प्रतियोगिता के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है।
जहां पर परीक्षा की तिथि व उसके सेंटर को जारी कर दिया है। राजस्थान बिजली निगम की भर्ती के लिए परीक्षा का आयोजन 29 एवं 30 नवम्बर 2026 को राजस्थान के 12 जिलों में आयोजित की जा रही है। इस बार इलेक्ट्रिकल के 727 पदों पर, मैकेनिकल के 110 पदों पर और सिविल के 32 पदों पर भर्ती की जा रही है।
कनिष्ठ अभियंता-प्रथम की ऑनलाईन भर्ती परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी अभ्यर्थियों को प्रथम चरण में वीरवार को उनकी परीक्षा की तिथि व समय और परीक्षा केन्द्र के जिले की सूचना जारी कर दी गई है। प्रत्येक अभ्यर्थी को यह सूचना एसएमएस एवं ई-मेल के माध्यम से दी गई है।
द्वितीय चरण में इन अभ्यर्थियों का परीक्षा केन्द्र का नाम, उसका गूगल लिंक व परीक्षा संबंधी विस्तृत जानकारियां 25 नवम्बर को जारी किया जाएगा। तब अभ्यर्थी पांचों विद्युत निगमों की वेबसाईट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
इसी प्रकार कनिष्ठ सहायक/ वाणिज्यिक सहायक-द्वितीय के कुल 765 पदों पर भर्ती हेतु परीक्षा की तिथि व समय और परीक्षा शहर की सूचना 25 नवम्बर को और कनिष्ठ लेखाकार के 371 पदों हेतु 1 जनवरी, 2027 को जारी की जावेगी।
इस बार विद्युत उत्पादन निगम ने परीक्षा केन्द्रों की जानकारी जारी करने में अतिरिक्त गोपनीयता बरतते हुये, परीक्षा संबंधी जानकारियाँ दो चरणों में जारी करने का निर्णय लिया है।


